सिर्फ कांग्रेस में नहीं फूट, मध्य प्रदेश में BJP नेता ने किया नई पार्टी का ऐलान; विंध्य में शिवराज को झटका?

 भोपाल
राजस्थान कांग्रेस में फूट की खबरें जहां सुर्खियों में है तो विधानसभा चुनाव से ठीक पहले छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से भी राजनीतिक उठापटक की खबरें आने लगी हैं। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी को भी बड़ा झटका लगा है। सत्ताधारी पार्टी के एक विधायक ने नई पार्टी बनाने का ऐलान कर दिया है। इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव में पार्टी को इससे विंध्य के इलाके में कुछ मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

सतना के मैहर से भाजपा के विधायक नारायण त्रिपाठी ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि विंध्य के लोग अपने दल से चुनाव लड़ेंगे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि 15 मई तक उनकी पार्टी अस्तित्व में आ जाएगी। उन्होंने कहा, 'विंध्य की पार्टी का रजिस्ट्रेशन लगभग पूरा हो चुका है। 15 तारीख तक रजिस्ट्रेशन हो जाएगा। विंध्य के लोग तैयार हो जाएं। मन बना लें, तैयारी कर लें। विंध्य के लोग अपने दल से चुनाव लड़ेंगे।' गौरतलब है कि नारायण त्रिपाठी लंबे समय से अलग विंध्य प्रदेश की मांग करते आए हैं।

मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी भाजपा से पहले कांग्रेस और सपा के टिकट पर भी चुनाव लड़कर चुके हैं। 4 बार के विधायक त्रिपाठी विंध्य के इलाके में काफी मजबूत हैं। 2014 लोकसभा चुनाव के वक्त कांग्रेस में रहे त्रिपाठी ने 2016 के उपचुनाव में भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की थी इसके बाद वह दोबारा 2018 में कमल निशान पर जीते। नारायण त्रिपाठी की नजर विंध्य की 30 सीटों पर है। वह अलग विंध्य के मुद्दे को जोर-शोर से उठाकर यहां की अधिकतर सीटों को जीतने की कोशिश करेंगे।

 

Back to top button