स्मार्ट फोन वाले मतदाताओं को संगठन भेजेगा सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी

भोपाल

बूथ स्तर पर भाजपा द्वारा तैयार की गई टोली महीने में कम से कम एक बार अपने बूथ क्षेत्र के हर घर तक पहुंचेगी। बूथ समिति की यह भी जिम्मेदारी होगी कि वह बूथ क्षेत्र में स्मार्ट फोन का उपयोग करने वाले मतदाताओं की सूची तैयार करे और इसकी जानकारी संगठन को भेजे ताकि सरकार और संगठन के महत्वपूर्ण निर्णयों की सूचना उन तक पहुंचाने में आसानी हो। बूथ विस्तारक अभियान 2.0 में दिए गए इन निर्देशों पर अमल की रिपोर्ट जुटाने का काम भाजपा संगठन ने शुरू कर दिया है।

इन कार्यकर्ताओं से यह भी कहा गया है कि वे अपने क्षेत्र के बाइक और स्कूटर धारक कार्यकर्ताओं की सूची भी बनाएंगे और उनसे पार्टी के कार्यक्रमों के लिए लगातार संपर्क में रहने को कहेंगे। सभी 65 हजार बूथों में मठ और मंदिरों की जानकारी भी एकत्र की जाएगी और इनके पुजारियों की पूरी डिटेल पार्टी कार्यकर्ताओं के पास रहेगी ताकि इन्हें चुनाव प्रचार के समय जरूरत होने पर आसानी से बुलाया जा सके।

जाति, पंथ और महिलाओं की भागीदारी
बूथों से सौंपे गए दायित्वों के आधार पर जो रिपोर्ट मांगी जा रही है, उसमें बूथ को सर्व स्पर्शी और सर्वव्यापी बनाना भी शामिल है। इसके लिए जाति, बिरादरी, मत, पंथ के अनुसार टीम बनाकर संपर्क किया जाएगा। महिलाओं को भी इसमें पर्याप्त भागीदारी देने की बात कही गई है। प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा है कि बूथों पर महिलाओं की भागीदारी कम नहीं होनी चाहिए।

बूथ के इन कर्मचारियों से संपर्क में रहेंगे कार्यकर्ता
पार्टी ने तय किया है कि बूथ पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ क्षेत्र में रहने वाले पटवारी, कोटवार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ग्राम सेवक, स्वास्थ्य कर्मी, स्कूल शिक्षक, पंचायत सचिव और अन्य कर्मचारियों के संपर्क में रहेंगे। वे इनके माध्यम से सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों की रिपोर्ट लेते रहेंगे और बूथ के वोटर्स तक पहुंचाने का काम करेंगे। इस दौरान लोगों को बताया जाएगा कि भाजपा की सरकार ने गरीब, मध्यम वर्ग के साथ समाज के सभी वर्गों के लिए कौन सी योजनाएं चलाई हैं।

चुनावी टीम: जिला, मंडल, संभाग, प्रदेश स्तर से हट कर सीधे बूथों से संपर्क
बीजेपी ने चुनाव के सात माह पहले प्रदेश में सवा 22 लाख कार्यकर्ताओं की चुनावी टीम तैयार कर ली है। यह चुनावी टीम जिला, मंडल, संभाग और प्रदेश स्तर से हटकर है और सीधे तौर पर बूथों से संपर्क में रहने वाली है। पार्टी ने 64102 बूथों में इन कार्यकर्ताओं की तैनाती करने के साथ उन्हें जिम्मेदारियां सौंप दी हैं और किए जाने वाले कामों की रिपोर्ट मांगना शुरू कर दिया है।  बूथ विस्तारक अभियान 2.0 की अब तक जो रिपोर्ट बीजेपी संगठन तक पहुंची है उसके अनुसार कुल निर्धारित बूथों में से 63005 बूथ पर अध्यक्ष, 61407 पर बूथ महामंत्री और 60407 पर बीएलए-2 की नियुक्ति की गई है। पार्टी ने इन तीनों बूथ पदाधिकारियों को त्रिदेव नाम दिया है। इसके अलावा बूथ समिति सदस्यों के लिए 7 लाख पांच हजार के टारगेट के विपरीत 9 लाख 7 हजार से अधिक सदस्य नियुक्त किए जा चुके हैं। दूसरी ओर पन्ना और अर्द्धपन्ना प्रमुख की नियुक्ति का काम भी तेजी से हुआ है और अभी तक 9.62 लाख अपेक्षित पन्ना प्रमुखों के विपरीत 11 लाख 38 हजार 720 अर्द्ध पन्ना प्रमुखों की नियुक्ति की जा चुकी है। भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने प्रदेश भाजपा और बूथ टोली को शुभकामनाएं दी हैं और संगठन के दायित्वों पर अमल के लिए समर्पित रहने को कहा है।

अब अर्द्धपन्ना प्रमुख संभाल रहे बूथों पर अहम जिम्मेदारी
बीजेपी ने पहले प्रदेश के हर बूथ के वोटर से संपर्क में रहने के लिए पन्ना प्रभारी बनाने का काम किया था। इस चुनाव में इससे आगे की कड़ी शुरू की गई है और अर्द्ध पन्ना प्रभारी बनाए जा रहे हैं। इस व्यवस्था के माध्यम से अधिकतम वोटर से सीधे संपर्क  में रहने का पार्टी का टारगेट आसानी से हासिल हो सकेगा।

Back to top button