नई दिल्ली-वाराणसी वंदे भारत है बेहद तेज, तो इस रूट पर सबसे धीमी है रफ्तार

नई दिल्ली
केरल को भी सेमी हाईस्पीड ट्रेन वंदे भारत एक्सप्रेस की सौगात मिलने जा रही है। मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तिरुवनंतपुरम सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। भारतीय रेल को पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 15 फरवरी 2019 को मिली थी, जो नई दिल्ली से वाराणसी के बीच दौड़ती है। तब से ही इसकी रफ्तार चर्चा में रही है। फिलहाल, अब यह संख्या बढ़कर 14 पर पहुंच गई है।

हाल ही में एक राइट टू इन्फर्मेशन यानी RTI के जवाब में बताया गया है कि वंदे भारत एक्सप्रेस औसतन 83 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दौड़ रही हैं। इसकी बड़ी वजह पटरियों की कमजोर स्थिति को बताया गया है। जबकि, इसकी टॉप स्पीड 130 किमी प्रतिघंटा है। RTI में बताया गया है कि साल 2021-22 में वंदे भारत एक्सप्रेस की औसतन रफ्तार 84.48 किमी प्रतिघंटा थी। 2021-22 में यह आंकड़ा 81.38 किमी प्रतिघंटा पर आ गया।

जानें वंदे भारत एक्सप्रेस की रफ्तार
नई दिल्ली-वाराणसी (96.37 किमी प्रति घंटा): यह भारत की पहली वंदे भारत एक्सप्रेस थी, जो 771 किमी की दूरी महज 8 घंटों में तय करती है।

हजरत निजामुद्दीन-रानी कमलापति (औसतन 95.89 किमी प्रति घंटा): 700 किमी की दूरी यह ट्रेन 7 घंटे 30 मिनट में तय करती है।

चेन्नई-कोयंबटूर (औसतन 90.36 किमी प्रति घंटा): चेन्नई से कोयंबटूर जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को 497 किमी का सफर तय करने में 5 घंटे 50 मिनट का समय लगता है।

सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम (औसतन 84.85 किमी प्रति घंटा): ट्रेन को 699 किमी का सफर पूरने में 8 घंटे 30 मिनट का समय लगता है।

नई दिल्ली-अंब अंदौरा (औसतन 84.85 किमी प्रति घंटा): हिमाचल प्रदेश की यह पहली वंदे भारत एक्सप्रेस 5 घंटे 15 मिनट में 437 किमी की दूरी तय करती है।

गांधीनगर-मुंबई (औसतन 83.87 किमी प्रति घंटा): 520 किमी के सफर में इस वंदे भारत एक्सप्रेस को 6 घंटे 20 मिनट का समय लगता है।

अजमेर-दिल्ली कैंट (औसतन 83.10 किमी प्रतिघंटा): अजमेर से दिल्ली कैंट यानी 428 किमी की दूरी में इस ट्रेन को 5 घंटे 15 मिनट का समय लगता है।

नई दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा (औसतन 81.87 किमी प्रति घंटा): 655 किमी की दूरी तय करने में वंदे भारत एक्सप्रेस 8 घंटों का समय लेती है।

सिकंदराबाद-तिरुपति (औसतन 79.63 किमी प्रति घंटा): यह वंदे भारत एक्सप्रेस 8 घंटे 30 मिनट में 661 किमी का सफर तय करती है।

चैन्नई-मैसूर (औसतन 79.36 प्रति घंटा): 500 किमी का सफर पूरा करने में इस वंदे भारत एक्सप्रेस को 6 घंटे 30 मिनट का समय लगता है।

नागपुर-बिलासपुर (औसतन 77.92 किमी प्रति घंटा): 5 घंटे 30 मिनट का समय लेकर यह वंदे भारत एक्सप्रेस 413 किमी की दूरी तय करती है।

हावड़ा-न्यू जलपाईगुड़ी (औसतन 76.84 किमी प्रति घंटा): 561 किमी की दूरी तय करने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस को पटरियों पर 7 घंटे 30 मिनट का समय लगता है।

मुंबई-सोलापुर (औसतन 71.65 किमी प्रति घंटा): 6 घंटे 35 मिनट के समय में यह ट्रेन 455 किमी की दूरी तय करती है।

मुंबई-शिरडी (औसतन 65.96 किमी प्रति घंटा): वंदे भारत एक्सप्रेस को महज 343 किमी की दूरी तय करने में 5 घंटे 20 मिनट का समय लग जाता है।

 

Back to top button