वीरेंद्र सहवाग ने उलटे होकर क्यों किया सचिन तेंदुलकर को बर्थडे विश, खुद ही बताया कारण

 नई दिल्ली

टीम इंडिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और सचिन तेंदुलकर की जोड़ी को बहुत पसंद किया जाता है। एक तरफ से सहवाग गेंदबाजों पर प्रहार करते थे, तो दूसरी ओर से सचिन तेंदुलकर गेंदबाजों की नाक में दम करते थे। ये एक सफल जोड़ी थी, लेकिन इस जोड़ी की खास बात यह थी कि वीरेंद्र सहवाग अपनी धुन में रहते थे और सचिन तेंदुलकर हमेशा चाहते थे कि वह उनकी बात सुनें। हालांकि, सहवाग हमेशा इसके विपरीत काम करते थे। यही वजह है कि अब उन्होंने उलटे होकर सचिन को बर्थडे विश किया है।

दाएं हाथ के पूर्व ओपनर वीरेंद्र सहवाग ने सचिन तेंदुलकर के 50वें बर्थडे पर एक वीडियो ट्वीट किया। इसमें वह कह रहे हैं कि पाजी मैंने मैदान पर आपकी बात को अनसुना कर उसके उलट काम किया है। ऐसा ही मैं आज कर रहा हूं। उन्होंने अपने वीडियो के कैप्शन में लिखा, "मैदान पर जो आपने कहा, उसका उल्टा ही किया, तो आज आपके आइकॉनिक 50वें जन्मदिन पर तो आपको शीर्षासन करके विश करना ही था। आपको जन्मदिन की बहुत बधाई सचिन पाजी, आप जियो हजारों साल, साल के दिन हों एक करोड़।"

सचिन तेंदुलकर का जन्म 24 अप्रैल 1973 को हुआ था और आज यानी 24 अप्रैल 2023 को वे 50 साल के हो गए हैं। सचिन ने क्रिकेट के मैदान पर अपने अब तक के जीवन के आधे साल गुजारे हैं। वे 24 साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट खेले थे और उसके पहले से ही वे घरेलू क्रिकेट खेल रहे थे। यहां तक कि आज भी सचिन किसी न किसी तरह क्रिकेट से जुड़े रहते हैं। सचिन तेंदुलकर इस समय मुंबई इंडियंस टीम के आइकन हैं। उनके बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने हाल ही में आईपीएल डेब्यू किया है।

 

Back to top button