रिंकू सिंह के लिए भारतीय टीम की कैप ज्यादा दूर नहीं : हरभजन सिंह

नई दिल्ली
 कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के बल्लेबाज रिंकू सिंह के लिए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2023 का सीजन काफी शानदार रहा है। रिंकू ने आईपीएल 2023 में 11 मैचों में 151.12 के स्ट्राइक रेट और 56.17 की औसत से 337 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 अर्धशतक लगाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 58 है। भारत के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने टाटा आईपीएल 2023 में अपनी परिपक्वता के साथ अपने खेल को अगले स्तर तक ले जाने के लिए रिंकू की जमकर तारीफ की है।

स्टार स्पोर्ट्स के शो क्रिकेट लाइव में कैफ ने कहा, रिंकू सिंह में वह परिपक्वता है। उनका फुटवर्क बहुत अच्छा है और वह स्ट्राइक रोटेट भी करते दिखते हैं। रिंकू जानता है कि अपने फॉर्म को अच्छी नॉक में कैसे बदलना है और यह भी जानता है कि कब गियर बदलना है। वह बड़े शॉट्स मारने में भी सक्षम है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह का मानना है कि रिंकू की विकास की कहानी उन्हें जल्द ही इंडियन कैप दिलाने करने में मदद करेगी।

हरभजन सिंह ने कहा, भारतीय टीम की कैप रिंकू के सिर से बहुत दूर नहीं है। वह एक प्रेरणादायक खिलाड़ी है। वह आज जहां है वहां तक पहुंचने के लिए उसने कड़ी मेहनत की है। खुद पर विश्वास रखने के लिए उसे पूरा श्रेय जाता है। उनकी यात्रा एक जीवन सबक है और सभी छोटे बच्चों को उनसे सीखना चाहिए।

 

शिवम दुबे ने इंडियन प्रीमियर लीग में पूरे किये 1,000 रन

चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के ऑलराउंडर शिवम दुबे ने अपने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) करियर में 1,000 रन पूरे कर लिए हैं। शिवम ने बुधवार को चेन्नई में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में यह उपलब्धि हासिल की।

मैच में दुबे ने 12 गेंदों में208.33 की स्ट्राइक रेट से 25 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने तीन छक्के लगाए। 46 आईपीएल मैचों में, उन्होंने 27.11 की औसत और 140.67 की स्ट्राइक रेट से 1,003 रन बनाए हैं। उन्होंने छह अर्धशतक बनाए हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 95* है।

मौजूदा सीजन उनके लिए बेहतरीन साबित हो रहा है। उन्होंने 11 मैचों में 35.00 की औसत से 315 रन बनाए हैं। उन्होंने ये रन 159.90 के स्ट्राइक रेट से बनाए हैं। इस सीजन में उनके बल्ले से तीन अर्धशतक निकले हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 52 है। इसके अलावा उन्होंने टूर्नामेंट में अब तक 27 छक्के लगाए हैं, जो टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा हैं।

दुबे ने पहली बार 2019-20 से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) का प्रतिनिधित्व किया। आरसीबी पक्ष के लिए 15 मैच खेलते हुए, उन्होंने 16.90 के औसत और 122 से अधिक की स्ट्राइक रेट से केवल 169 रन बनाए। फ्रेंचाइजी के साथ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 27* था।

उन्होंने 2021 में राजस्थान रॉयल्स के साथ भी एक साल बिताया और फ्रैंचाइज़ी के लिए नौ मैच खेले, जिसमें 28.75 के औसत और 119.17 के स्ट्राइक रेट से एक अर्धशतक के साथ 230 रन बनाए। राजस्थान के साथ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 64* है।

एक बल्लेबाज के रूप में शिवम का सबसे अच्छा प्रदर्शन सीएसके के साथ पीली जर्सी में आया है। 23 मैचों और 21 पारियों में, उन्होंने 31.79 के औसत और 158 से अधिक के स्ट्राइक रेट से 604 रन बनाए हैं। उन्होंने 95* के सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर के साथ टीम के लिए पांच अर्धशतक बनाए हैं।

 

 

Back to top button