महिलाओं को मिले अश्लील पत्र, साथ में रखा था इस्तेमाल किया कंडोम

मेलबर्न

ऑस्ट्रेलिया में एक अजीब मामला सामने आया है, जहां कुछ महिलाओं को अभद्र भाषा के साथ अनजान पत्र मिले हैं। इतना ही नहीं भेजने वाले अज्ञात शख्श ने इनमें इस्तेमाल किए हुए कंडोम भी रखे हैं। मामले की जांच कर रही पुलिस को अहम कड़ी मिली है। साथ ही यह माना जा रहा है कि किसी ने जानबूझकर इन महिलाओं को निशाना बनाया है।

बीते तीन महीनों में ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्व और पूर्वी मेलबर्न की महिलाओं के पते पर भेजे गए हैं। ऐसी महिलाओं की संख्या 65 बताई जा रही है। एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पहली बार इस मामले की शिकायत एक महिला ने मार्च में दर्ज कराई थी। वहीं, ताजा मामला सोमवार को ही दर्ज किया गया है। एक पीड़ित महिला का कहना है कि पत्र की भाषा इतनी अश्लील थी कि वह रात को सो नहीं पाईं।

एक ही स्कूल में थीं महिलाएं
खास बात है कि सभी महिलाएं साल 1999 में शहर के किलब्रेडा कॉलेज प्राइवेट गर्ल्स स्कूल में पढ़ती थीं। आशंका जताई जा रही है कि आरोपी को सभी का पता स्कूल की ईयरबुक के जरिए मिला होगा। पुलिस के साथ-साथ बेसाइड सेक्सुअल ऑफेंसेज एंड चाइल्ड एब्यूज इन्वेस्टिगेशन टीम भी मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से मामले में मदद करने की अपील की है।

पुलिस का मानना है कि लगभग सभी महिलाओं को पत्र के साथ इस्तेमाल किया हुआ कंडोम मिला है। फिलहाल, इस मामले की जांच जारी है। संभावनाएं जताई जा रही हैं कि बुधवार को इस संबंध में कोई बड़ा अपडेट सामने आ सकता है। किलब्रेडा कॉलेज की स्थापना साल 1904 में की गई थी।

 

Back to top button