सोनाक्षी सिन्हा नहीं बनना चाहती थीं एक्ट्रेस

मुंबई।

बॉलीवुड की ‘दबंग गर्ल’ सोनाक्षी सिन्हा ने हाल ही में वेब सीरीज ‘दहाड़’ से ओटीटी डेब्यू किया है। इस वेब सीरीज में अपने अभिनय से एक्ट्रेस ने सबको अपना मुरीद बना लिया। ‘दहाड़’ की जबरदस्त सफलता एंजॉय कर रहीं सोनाक्षी सिन्हा आज अपना 36वां बर्थडे मना रही हैं। 'दबंग गर्ल' सोनाक्षी सिन्हा ने साल 2010 में सलमान खान की फिल्म ‘दबंग’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा था।

एक्ट्रेस की डेब्यू फिल्म जबरदस्त हिट रही थी। इस फिल्म के लिए उन्हें बेस्ट डेब्यू अवॉर्ड भी मिला था। 70 और 80 के दशक के सुपरस्टार शत्रुघ्न सिन्हा की बेटी होने के बावजूद सोनाक्षी सिन्हा कभी फिल्मों की दुनिया में कदम नहीं रखना चाहती थीं। ये एक्ट्रेस फिल्मों में आने से पहले बतौर कॉस्टयूम डिजाइनर काम करती थीं। शायद आपको ये जानकर हैरानी होगी कि सोनाक्षी को फिल्मों से पिता शत्रुघ्न सिन्हा ने नहीं बल्कि उनके पहले को- स्टार सलमान खान ने वाकिफ कराया था। सलमान खान के सुझाव पर ही सोना ने एक्ट्रेस बनने के बारे में विचार किया था। सलमान खान ने ही सोनाक्षी के भीतर की अभिनेत्री को पहचान उन्हें अपनी फिल्म में मौका दिया था। अभिनय की दुनिया में आने से पहले सोनाक्षी सिन्हा का वजन करीबन 90 किलो था। एक्ट्रेस ने अपने एक इंटरव्यू में बताया था कि सलमान खान की मदद से ही वह 30 किलो वजन कम कर पाई थीं।

‘दहाड़’ की सफलता के बाद सोनाक्षी सिंहा हाल ही में अपने नए घर में शिफ्ट हुई हैं। एक्ट्रेस ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर कर बताया कि नए घर में शिफ्ट होना काफी मुश्किलों से भरा है। एक्ट्रेस ने हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू में अपने बर्थडे से जुड़ी कुछ खास बातें भी शेयर की हैं। सोना ने कहा कि वह हर साल अपने जन्मदिन पर कहीं घुमने जाती हैं। बर्थडे के दिन वह अपने करीबी दोस्तों के साथ समय बिताना चाहती हैं। हालांकि, इस बार एक्ट्रेस का बर्थडे प्लान थोड़ा अलग जरूर है। सोना ने बताया कि इन दिनों वह एक फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं जिसकी वजह से वह कहीं दूर घूमने नहीं जा सकती हैं। अगर वर्क फ्रंट पर बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा जल्द ही संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘हीरामंडी’ में नजर आने वाली हैं। इस फिल्म का आॅडियंस को काफी लंबे समय से इंतजार है।

Back to top button