शुरू होंगी चलित दीनदयाल रसोई, पांच रुपए में भरपेट भोजन

भोपाल

मध्यप्रदेश में पहली बार चलित दीनदयाल रसोई प्रारंभ की जाएंगी। इन पर आम नागरिकों को पांच रुपए में भरपेट भोजन मिल सकेगा। ये चलित रसोई अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित की जाएंगी। अभी दीनदयाल रसोई में दस रुपए में भोजन मिलता है। खाना सस्ता करने के लिए राज्य सरकार इन रसोई केन्द्रों को मदद करेगी।

मध्यप्रदेश के शहरी क्षेत्रों में वर्तमान में सौ दीनदयाल रसोई केन्द्र संचालित है। अब पैंतालिस नये दीनदयाल रसोई केन्द्र प्रारंभ किए जाएंगे। इनमें पच्चीस दीनदयाल रसोई केन्द्र चलित होंगे और बीस स्थाई दीनदयाल रसोई केन्द्र और शुरु किए जाएंगे। इन नये केन्द्रों के शुरु होने पर प्रदेश में कुल 145 दीनदयाल रसोई केन्द्र हो जाएंगे। कैबिनेट में इस प्रस्ताव को चर्चा के लिए भेजा जाएगा वहां से मंजूरी मिलने के बाद इन्हें संचालित किया जाएगा।

नगरीय प्रशासन विभाग नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में सामाजिक संस्थाओं, स्वसहायता समूहों की मदद से इनका संचालन करता है। वर्तमान में इन दीनदयाल रसोई पर दस रुपए में भरपेट भोजन दिया जाता है। अब पूरे प्रदेश में सभी जगह पांच रुपए में आम नागरिकों को इन दीनदयाल रसोई पर भरपेट भोजन उपलब्ध रहेगा। भोजन सस्ता करने के लिए जिस राशि की जरुरत होगी वह राज्य सरकार नगरीय प्रशासन विभाग के जरिए इन केन्द्रों का संचालन कर रही सामाजिक संस्थाओं को उपलब्ध कराएगी। इन केन्द्रों के संचालन के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे। जो सामाजिक संस्थाएं, स्वयंसेवी संस्थाएं इन्हें चलाने के लिए आगे आएंगे उन्हें इनके संचालन की जिम्मेदारी दी जाएगी।

सामाजिक संस्थाओं को मिलता है दान, मदद-
प्रदेशभर में दीनदयाल रसोई केन्द्रों का संचालन कर रही सामाजिक संस्थाओं को इन केन्द्रों के संचालन के लिए सरकारी मदद के अलावा निजी स्तर पर आम नागरिकों, व्यावसायिक संस्थाओं, बैंको, उद्योगपतियों से दान और मदद मिलती है। सरकार इन्हें रियायती दरों पर अनाज उपलब्ध कराती है, केन्द्र संचालन के लिए जगह उपलब्ध कराती है। लोग अपने जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, अपने परिजनों की स्मृति में, सामाजिक परंरागत कामों शादी, तेरहवी  और अन्य पारंपरिक कार्यो के दौरान गरीबों को भोजन कराने के लिए रुपए, भोजन, अनाज और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराते है। ये संस्थाएं बड़े अस्पतालों, रैन बसेरा, बस स्टैड, रेलवे स्टेशन के समीप दीनदयाल चलित रसोई केन्द्र संचालित कर गरीबों और जरुरतमंदों को मात्र दस रुपए में रियायती भोजन उपलब्ध कराते है अब यह और सस्ता हो जाएगा।

Back to top button