प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने माई के दर्शन कर, अशोकनगर व गुना में कार्यकर्ताओं की बैठक को किया संबोधित

अशोकनगर/गुना
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी भारत को विकास के पथ पर आगे ले जाने का कार्य कर रहे हैं। 2014 में श्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने से पहले भारत की अर्थव्यवस्था विश्व में 11वें स्थान पर  थी। श्री नरेन्द्र मोदी जी के दस वर्षों में किए गए विकास कार्यों से भारत आज विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी जिस गति से देश का चहुंमुंखी विकास कर रहे हैं, उसी रफ्तार से देश का विकास होता रहा तो आने वाले कुछ वर्षों में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। इसके लिए जरूरी है कि श्री नरेन्द्र मोदी जी तीसरी बार ऐतिहासिक बहुमत से प्रधानमंत्री बनें।

भारतीय जनता पार्टी ने आज दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी का गौरव हासिल किया है तो वह आप सभी देवतुल्य निष्ठावान कार्यकर्ताओं की मेहनत की वजह से ही संभव हुआ है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने अशोक नगर और गुना में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कही। प्रदेश संगठन महामंत्री जी ने बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारियों, गतिविधियों और पार्टी के कार्यक्रमों की भी जानकार लेकर समीक्षा की। श्री हितानंद जी ने प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा व भिंड लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी श्रीमती संध्या राय के साथ दतिया में माता पीताम्बरा के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि हम एक विचार, एक लक्ष्य को लेकर चलते हैं। वर्ष 1952 में जनसंघ के गठन के साथ हम पहचान के लिए लड़ते थे, दूसरी पीढ़ी ने दूसरे स्थान पर आने के लिए लड़ाई लड़ी, तीसरी पीढ़ी ने सत्ता में आकर सेवा करने के लिए लड़ाई लड़ी, और अब चौथी पीढ़ी भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए लड़ाई लड़ रही है। प्रदेश संगठन महामंत्री जी ने अशोक नगर में बैठक के दौरान संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए समय बाबा साहब अंबेडकर के योगदान पर चर्चा की। बैठक को जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी ने भी संबोधित किया।

यह चुनाव भारत को परम वैभव पर ले जाने के लिए है
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कहा कि यह लोकसभा चुनाव साधारण चुनाव नहीं है। यह लोकसभा चुनाव भारत को भव्य बनाने और परम वैभव पर ले जाने के लिए चुनाव है। श्री हितानंद जी ने कार्यक्रताओं को बूथ विजय का मंत्र देते हुए कहा कि श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हर बूथ पर 370 नए मतदाताओं को पार्टी  से जोड़ने का जो मंत्र दिया गया है, उसे प्राप्त करने के लिए सभी कार्यकर्ता प्राणपण से जुटा जाएं। 22 जनवरी को देश के कोने कोने के हर एक गांव में भगवा झंडा लहराया। यह सनातन की शक्ति है। भाजपा जिस संकल्प के साथ आगे बढ़ी, वह सभी काम भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में पूरे किए हैं। उन्होंने पिछले चुनाव की अपेक्षा 10 प्रतिशत वोट बढ़ाने के विषय में धरातल पर कैसे काम किया जाए इस संबंध में चर्चा की। बैठक को जिला अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार ने भी संबोधित किया। गुना की बैठक में वरिष्ठ नेता श्री वेदप्रकाश शर्मा, जिला संगठन प्रभारी श्री गोपाल आर्चाय, गुना लोकसभा संयोजक श्री राधेश्याम परिक, गुना विधायक श्री पन्नालाल शाक्य सहित पार्टी पदाधिकारी मंचासीन रहे। प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी गुना में पार्टी के जिला मंत्री स्व. आनंद रघुवंशी के निधन पर उनके निवास पहुंचकर शोक-संवेदना व्यक्त की और परिजनों को इस दुःख की घड़ी में संबल दिया।

माता पीतांबरा के दर्शन कर वनखंडेश्वर महादेव पर किया जलाभिषेक
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने रविवार को दतिया प्रवास के दौरान माता पीताम्बरा शक्ति पीठ पहुंचकर माता के दर्शन किया। इसके पश्चात वनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेश के सुख और समृद्धि, शांति और सद्भावना की कामना की। प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री व न्यू ज्वाइनिंग टोली के प्रदेश संयोजक डॉ. नरोत्तम मिश्रा व भिंड लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी श्रीमती संध्या राय भी उपस्थित रहीं।

Back to top button