बिहार चुनाव: पटना में महागठबंधन की प्रतिष्ठा दांव पर, बाढ़, मोकामा, मसौढ़ी, पालीगंज और बिक्रम में पहले चरण का है मतदान

पटना
पटना में पहले चरण के चुनाव में महागठबंधन की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। जिले के पांच विधानसभा में पहले चरण में 28 अक्टूबर को यहां वोट डाले जाएंगे। 26 अक्टूबर को यहां प्रचार थम जाएगा। बाढ़, मोकामा, मसौढ़ी, पालीगंज और बिक्रम में 28 अक्टूबर को मतदान है। इसमें से अभी सिर्फ एक सीट बाढ़ पर एनडीए के कब्जा है। मोकामा सीट पिछली बार अनंत सिंह ने निर्दलीय रहकर जीती थी। इस बार वे राजद के टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। बिक्रम सीट कांग्रेस के पास जबकि पालीगंज और मसौढ़ी राजद के पास है। हालांकि पालीगंज से राजद के टिकट पर जीते जयवद्र्धन यादव इस बार तीर के साथ चुनावी रणभूमि में हैं। इस बार सभी पांचों विधायक भाग्य आजमा रहे हैं। 

पालीगंज में त्रिकोणीय मुकाबला
विस चुनाव 2020 का मुकाबला अभी तक त्रिकोणीय बना हुआ है। इसबार विर्तमान विधायक जयवद्र्धन यादव राजद से अलग होकर जदयू के टिकट पर पालीगंज से चुनाव लड़ रहे हैं। इनका मुकाबला भाकपा माले के प्रत्याशी संदीप सौरभ से है।  इन सबके बीच लोजपा उम्मीदवार उषा विद्यार्थी मजबूती से चुनाव मैदान में डटी हुई हैं। इस वजह से मुकाबला दिलचस्प हो गया है।वर्ष 2015 में जयवद्र्धन यादव राजद के टिकट पर चुनाव लड़े थे। इन्हें 65,932 मत प्राप्त हुए थे। इन्होंने अपने प्रतिद्वंदी भाजपा के रामजनम शर्मा को 24,453 मतों से पराजित किया था। तब रामजनम शर्मा को 41479 मत प्राप्त हुए थे। तीसरे नंबर पर भाकपा माले के प्रत्याशी अनवर हुसैन को 19,438 मत प्राप्त हुए थे।  

बिक्रम: भाजपा-निर्दलीय प्रत्याशी में मुकाबले की स्थिति
बिक्रम विधानसभा क्षेत्र से इस बार के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के प्रत्याशी सिद्धार्थ सौरव, एनडीए के भाजपा प्रत्याशी अतुल कुमार और निर्दलीय अनिल कुमार के बीच मुकाबला होने की स्थिति बन रही है। अनिल कुमार पिछली बार भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। वर्ष 2015 के चुनाव में महागठबंन की ओर से कांग्रेस के प्रत्याशी सिद्धार्थ ने भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार को लगभग 44 हजार के रिकार्ड मतों से पराजित किया था। कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ को 94,088 मत जबकि भाजपा प्रत्याशी अनिल कुमार को 49,777 मत प्राप्त हुए थे।

बाढ़ विधानसभा से इस बार 18 प्रत्याशी
बाढ़ विधानसभा में इस बार रोचक लड़ाई है। भाजपा के टिकट पर ज्ञानेंद्र सिंह ज्ञानू एक बार फिर चुनाव मैदान में हैं। यहां से कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला भाजपा के ज्ञानू और कांग्रेस के सत्येंद्र बहादुर के बीच है। पिछले चुनाव यानी 2015 में बाढ़ विधानसभा क्षेत्र में 260453 मतदाता थे। इनमें 144032 मत पड़े थे। इसमें भाजपा प्रत्याशी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ज्ञानू को 63989 वोट मिले, जबकि जदयू प्रत्याशी मनोज कुमार को 55630 वोट हासिल हुए थे। इस चुनाव में 55 फीसदी मतदान हुआ था जबकि 14 प्रत्याशी मैदान में थे।

मोकामा: इस बार भी आमने सामने का मुकाबला
मोकामा में इस बार भी आमने सामने का मुकाबला है। लालटेन थामे अनंत सिंह का मुकाबला तीर चलाने उतरे जदयू के राजीव लोचन से है। यहां कुल 8 प्रत्याशी मैदान में हैं। लोजपा के सुरेश सिंह निषाद और रालोसपा के दिलराज रोशन भी पूरी ताकत लगाए हुए हैं। अनंत सिंह चौथी बार मैदान में हैं। पिछली बार 2015 चुनाव में अनंत सिंह ने जदयू के नीरज कुमार को सीधे मुकाबले में हराया था। तब अनंत सिंह को 54005 और नीरज कुमार को 35 हजार 657 मत मिले थे।

मसौढ़ी: इस बार चुनाव में 13 प्रत्याशी ठोंक रहे हैं ताल
मसौढ़ी में मुख्य मुकाबला जदयू के नूतन पासवान और वर्तमान विधायक रेखा देवी के बीच है। दोनों पिछली बार भी चुनाव मैदान में थे। यहां से 13 प्रत्याशी ताल ठोंक रहे हैं। वर्ष 2015 में रेखा देवी ने नूतन पासवान को 39 हजार 186 वोटों से हराया था।

Back to top button