अवैध पटाखा गोदाम में आग लगी, दो की मौत, तीन झुलसे

 कुशीनगर 
उत्‍तर प्रदेश के कुशीनगर में एक अवैध पटाखा गोदाम में आग लग गई। इस दुर्घटना में बचाव कार्य के दौरान अभी तक दो लाशें मिली हैं। घटना कुशीनगर के कप्तानगंज कस्बे में मंगल की बाजार में रिहायशी एरिया की है। 

प्रत्‍यक्षदर्शियों के मुताबिक यहां काफी दिनों से चल रहे अवैध पटाखा गोदाम में बुधवार सुबह अचानक आग लग गई। पटाखों की आवाज सुन और गोदाम से उठते धुएं को देख मोहल्‍ले के लोग घटनास्‍थल की ओर दौड़े। लोगों ने खबर पुलिस और फायर बिग्रेड को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड के जवानों ने तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझानी शुरू कर दी। आग आसपास के दो अन्य घरों में भी फैल गई है। बचाव कार्य के दौरान दो लाशें मिली हैं। 

दीपावली के लिए घर में जमा कर रहा था पटाखे
स्‍थानीय लोगों के मुताबिक यह गोदाम जावेद नाम के एक व्‍यक्ति का है। उसने दीपावली के लिए घर के ही एक हिस्से में अवैध पटाखा जमा कर रखा था। घटना सुबह करीब सात बजे की बताई जा रही है। आग की ऊंची-ऊंची लपटें देख आस पास के लोग दहशत में आ गए।  जावेद के घर से पूरी तरह जल चुके दो शव मिले हैं। घटना में तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। उन्‍हें सामुदायिक स्‍वास्‍थ्‍य केंद्र पर भर्ती कराया गया है। 

Back to top button