यूके में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने से करीब 2000 अंकों से अधिक गिरा शेयर बाजार

 

मुंबई
आज सुबह शेयर बाजार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई। ये गिरावट दिन बढ़ने के साथ-साथ लगातार बढ़ती गई। देखते ही देखते सेंसेक्स 2000 अंकों से भी अधिक टूट गया। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सेंसेक्स 46,960 अंकों के स्तर पर बंद हुआ था, जो आज 28 अंकों की गिरावट के साथ खुला। दिन के कारोबार में यह 2000 से भी अधिक गिरकर 44,923 तक के दिन के न्यूनतम स्तर पर जा पहुंचा।

निफ्टी के हाल भी खराब हैं। शुक्रवार को 13,760 अंकों के स्तर पर बंद हुआ निफ्टी आज करीब 19 अंकों की गिरावट के साथ 13,741 अंकों के स्तर पर खुला। देखते ही देखते ये गिरावट 630 अंकों से भी अधिक हो गई और निफ्टी 13,131 के दिन के न्यूनतम स्तर तक जा गिरा।

शेयर बाजार में आए कोहराम की वजह एक बार फिर से कोरोना वायरस ही है। यूके में कोरोना वायरस का नया स्ट्रेन मिलने की खबर के चलते शेयर बाजार सहम गया और लोगों ने अपने पैसे निकालने शुरू कर दिए। हालांकि, बाद में बाजार थोड़ा संभल भी गया, लेकिन गिरावट काफी अधिक है।

Back to top button