देश का व्यापार घाटा 15.71 अरब डॉलर पर

नई दिल्ली
देश का निर्यात दिसंबर, 2020 में 0.8 प्रतिशत घटकर 26.89 अरब डॉलर रह गया। यह लगातार तीसरा महीना है जबकि निर्यात में गिरावट आई है। पेट्रोलियम, चमड़ा और समुद्री उत्पाद क्षेत्र के कमजोर प्रदर्शन से निर्यात का आंकड़ा नीचे आया है। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा शनिवार को जारी शुरुआती आंकड़ों के अनुसार दिसंबर में आयात 7.6 प्रतिशत बढ़कर 42.6 अरब डॉलर पर पहुंच गया। इससे व्यापार घाटा बढ़कर 15.71 अरब डॉलर पर हो गया।

दिसंबर, 2019 में देश का निर्यात 27.11 अरब डॉलर और आयात 39.5 अरब डॉलर रहा था। नवंबर, 2020 में निर्यात में 8.74 प्रतिशत की गिरावट आई थी। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-दिसंबर की अवधि में देश का वस्तुओं का निर्यात 15.8 प्रतिशत घटकर 200.55 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में निर्यात का आंकड़ा 238.27 अरब डॉलर रहा था। चालू वित्त वर्ष के पहले नौ माह में आयात 29.08 प्रतिशत की गिरावट के साथ 258.29 अरब डॉलर पर आ गया।

Back to top button