पीएम किसान सम्मान निधि के सिस्टम में सेंध, 20 लाख किसानों को लौटाने ही पड़ेंगे 1,364 करोड़ रुपये 

 नई दिल्ली 
पीएम किसान सम्मान निधि के सिस्टम में सेंध लगाकर 20.48 लाख अयोग्य लाभार्थियों ने 1,364 करोड़ रुपये डकार लिए। इनमें से सबसे ज्यादा पंजाब के किसान हैं। इसके बाद असम, महाराष्ट्र, गुजरात और उत्तर प्रदेश का नंबर आता है। इन अयोग्य लाभार्थियों में आधे से अधिक (55.58 फीसद) आयकरदाता हैं। बाकी 44.41 फीसद वे किसान हैं, जो योजना की अर्हता पूरी नहीं करते हैं। अयोग्य लाभार्थियों को भुगतान की गई राशि वसूलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गलत तरीके से लिया गया पैसा वापस नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
 
आरटीआई से मांगी गई सूचना के मुताबिक पंजाब में सर्वाधिक (4. 74 लाख )अयोग्य लाभार्थी हैं। कुल अयोग्य लाभार्थियों का 23.6 फीसद पंजाब में रहते हैं। इसके बाद 16.8 फीसद (3.45 लाख लाभार्थी) अयोग्य लाभार्थियों के साथ असम का स्थान है। अयोग्य लाभार्थियों में 13.99 फीसद (2.86 लाख लाभार्थी) महाराष्ट्र में रहते हैं। इस प्रकार इन तीनों राज्यों में ही अयोग्य पाए गए लाभार्थियों की आधी से अधिक (54.03 फीसद) संख्या रहती है।
 
गुजरात में कुल अयोग्य लाभार्थी 8.05 फीसद (1.64 लाख लाभार्थी) हैं। उत्तर प्रदेश में 8.01 फीसद (1.64 लाख) अयोग्य लाभार्थी रहते हैं। सिक्किम में एक अयोग्य लाभार्थी का पता चला है जो किसी राज्य में सबसे कम है।
 

Back to top button