सामान्य प्रशासन विभाग ने मांगी रिपोर्ट मुख्यमंत्री के निर्देशों का आईजी और एसपी कितना पालन करवाया

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशों का आईजी और एसपी ने पिछले 18 दिनों में कितना पालन करवाया है, इसकी रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग ने मांगी है। यह रिपोर्ट सभी जोनल आईजी और पुलिस अधीक्षकों को शुक्रवार तक जीएडी को अनिवार्य रूप से भेजना होगी। यह आदेश मिलने के बाद कई जिलों में सीएम के निर्देशों के पालन में कार्रवाई तेज हो गई है। जीएडी ने सभी जोनल आईजी और एसपी को आदेश दिए हैं कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने 4 जनवरी को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानून व्यवस्था को लेकर जो निर्देश दिए थे, उस पर कितना पालन किया इसकी रिपोर्ट मांगी है।

इस आदेश में यह भी पूछा गया है कि चिटफंड कंपनियों की प्रापर्टी की नीलामी कर कितने लोगों के पैसे वापस करवाए गए। अवैध उत्खनन करने वालों के खिलाफ कितनी कार्यवाही की गई। इससे कितना अवैध उत्खनन रोका गया। इस कार्यवाही में कितने वाहन अवैध उत्खनन कर परिवहन करने वालों से जब्त किए गए।

यह भी जानकारी तलब की गई है कि जोनल आईजी और पुलिस अधीक्षकों ने सायबर क्राइम की रोकथाम के लिए कितना काम किया है। सायबर क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए मुख्यमंत्री ने कॉल सेंटर बनाने के निर्देश दिए थे, कॉल सेंटर बनाए जाने को लेकर क्या प्रगति हुई। कितने चिंहित अपराधों को लेकर खिलाफ सख्त कार्यवाही की गई। 12 साल से कम उम्र की बालिकाओं के साथ हुए दुष्कर्म के दोषियों को फांसी की सजा दिलाने के लिए आईजी-एसपी ने क्या किया। अपरहण के मामलों में समीक्षा कितनी बार की गई।  

जीएडी ने अपने आदेश में पूछा है कि मुख्यमंत्री ने भू-माफिया, गुंडा, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों कितने लोगों के खिलाफ कार्यवाही की गई। चिन्हित अपराधों से संबंधित आरोपियों में से कितने भू-माफिया हैं और उन पर क्या कार्यवाही की गई। जो शासकीय भूमि मुक्त कराई गई उस पर फिर से कब्जा न हो सके इसे लेकर क्या-क्या किया गया।

Back to top button