बिहार में भागलपुर का सिपाही प्रशिक्षण केंद्र बना देश के पूर्वी क्षेत्र का बेहतरीन संस्थान, केंद्र ने की घोषणा

पटना 
बिहार के भागलपुर के नाथनगर स्थित सिपाही प्रशिक्षण केंद्र, नाथनगर देश के पूर्वी क्षेत्र के बेहतरीन संस्थान के रूप में घोषित किया गया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने इस संस्थान का चयन पूर्वी क्षेत्र के बेहतरीन संस्थान के रूप में किया है। इस संस्थान को वर्ष 2016-17 के लिए सिपाहियों की भर्ती के बाद प्रशिक्षण के लिए पूर्वी भारत के सर्वश्रेष्ठ संस्थान के रूप में पुरस्कार देने के लिए चयन किया है। इसकी घोषणा 21 जनवरी को केंद्रीय गृह मंत्रालय ने की। 

केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर तीन अधिकारियों की टीम पुलिस महानिरीक्षक के नेतृत्व में नाथनगर सिपाही प्रशिक्षण केंद्र में आयी थी। इसमें पुलिस उप महानिरीक्षक, केरल एवं पुलिस उप महानिरीक्षक, तमिलनाडु शामिल थे। इस टीम ने 2019 में 27 से 29 नवंबर के बीच संस्थान का मूल्यांकन किया। मूल्यांकन में प्रशिक्षण के लिए उपलब्ध आधारभूत संरचना और प्रशिक्षण के मानक को शामिल किया गया था। इस टीम की रिपोर्ट के आधार पर ही प्रशिक्षण केंद्र का चयन सर्वश्रेष्ठ संस्थान के रूप में किया गया। नाथनगर में नवचयनित सिपाहियों को बेसिक ट्रेनिंग और रिफ्रेशर ट्रेनिंग दी जाती है। इसके अतिरिक्त इस संस्थान में वनरक्षी, उत्पाद आरक्षी व चालक को भी प्रशिक्षण दिया जाता है। इस संस्थान में आधारभूत संरचना को लगातार बेहतर किया जा रहा है।  वहीं, बिहार के तीन पुलिसकर्मियों का चयन केंद्रीय गृह मंत्री मेडल के लिए किया गया है। इनमें पुलिस अकादमी, राजगीर के हवलदार भोगेंद्र मिश्र और सीटीसी, नाथनगर के कांस्टेबल अनुरंजन कुमार व कांस्टेबल विपिन कुमार सिंह शामिल हैं। 

Back to top button