नारी सशक्तिकरण के लिए कोई कोर-कसर नहीं रखेंगे: डॉ. मिश्रा

भोपाल

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि महिलाओं एवं बालिकाओं से दुर्व्यवहार करने वालों तथा कानून को अपने हाथ में लेने वाले तत्वों के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी। नारी सशक्तिकरण तथा उनके सम्मान और सुरक्षा के लिए सभी संभव उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। मंत्री डॉ. मिश्रा रविवार को राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पुलिस विभाग द्वारा दतिया के वृन्दावन धाम में आयोजित संयुक्त कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस अवसर पर महिला एवं बालिकाओं का सम्मान भी किया।

गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन बालिकाओं को समर्पित है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा प्रदान करने के कई कदम उठाये हैं। बालिकाओं या महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार का प्रयास करने वालों की शिकायत के लिये 100 नम्बर पर डायल करें। पांच मिनिट में पुलिस का सहायता वाहन  पहुंचकर संबंधित के विरूद्ध कार्यवाही करेगा। समाज में महिलाओं के प्रति गलत सोच रखने वालों की सोच में परिवर्तन लाना जरूरी है। इसके लिए  जागरूकता लानी होगी तभी महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ेगा। डॉ. मिश्रा ने कहा कि जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं संस्कृति का उत्थान होता है। जिस घर में नारी की पूजा होती है, उस घर में देवताओं का भी वास होता है। इस बात को सभी को समझना होगा। हमारे देश की संस्कृति भी यही है। उन्होंने कहा कि दुनिया में भारत ही ऐसा राष्ट्र है जहां हम  जन्मभूमि का भारत माता के रूप में पूरे सम्मान के साथ नाम लेते है। माँ के रूप में ब्रम्हा, विष्णु एवं महेश तीनों के एक साथ दर्शन होते हैं।

कार्यक्रम के प्रारंभ में महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविन्द उपाध्याय आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली बालिकाओं को किया सम्मानित

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्र ने महिला जागरूकता अभियान के तहत् सम्मान कार्यक्रम में विद्यालय और जिला स्तर पर आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं की विजेता बालिकाओं को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार अन्य प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।

समारोह में पूर्व विधायक डॉ. आशाराम अहिरवार, जीतू कमरिया, प्रशांत ढेंगुला अतुल भूरे चैधरी अन्य गणमान्य नागरिक तथा जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

Back to top button