पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी एम्स में भर्ती
दिल्ली
भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इन्स्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (AIIMS) में भर्ती कराया गया। खबरों के अनुसार वाजपेयी को डॉक्टरों की सलाह पर रूटीन चेकअप के लिए भर्ती किया गया। बता दें कि पूर्व पीएम काफी समय से बीमार हैं।
बता दें कि 93 वर्षीय वाजपेयी डिमेंशिया नाम की बीमारी से जूझ रहे थे। वे 2009 से व्हीलचेयर पर हैं। कुछ समय पहले ही भारत सरकार ने उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया था। 25 दिसम्बर, 1924 में जन्मे वाजपेयी ने भारत छोड़ो आंदोलन के जरिए 1942 में भारतीय राजनीति में कदम रखा था।
मार्च 1998 से मई 2004 तक, छह साल भारत के प्रधानमंत्री रहे अटल बिहारी वाजपेयी को सांसद के रूप में लगभग 5 दशक का अनुभव प्राप्त है। वे बहुत प्रभावशाली वक्ता के रूप में जाने जाते हैं और महत्वपूर्ण मुद्दों पर उनकी राय को गौर से सुना जाता है। वे वर्ष 1957 में पहली बार संसद सदस्य बने और अपने राजनीतिक सफ़र में उन्होंने कई बार माना कि वे पंडित नेहरू से काफ़ी प्रभावित रहे हैं।