दो साल में मार्च का सबसे गर्म दिन रहा रविवार, इस दिन राहत की उम्मीद

नई दिल्ली
राजधानी दिल्ली में गर्मी ने वापस दस्तक दी है। जिसके तहत बीते दिनें पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते  मिली राहत के बाद रविवार को रिकॉर्ड गर्मी दर्ज की गई है। गर्मी का आलम यह रहा है कि रविवार का तापमान बीते दो सालों में मार्च के सभी दिनों में दर्ज अधिकतम तापमान में सबसे अधिक रहा है। दिल्ली प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री दर्ज किया गया है। रविवार को बढ़ोतरी के बाद अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री रहा है, जो सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा है। रविवार को दर्ज अधिकतम तापमान वर्ष 2020 और 2021 में मार्च के सभी दिनों में सबसे अधिक है। इससे पहले 31 मार्च 2019 को इससे अधिक 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था।

तीन दिन में 8 डिग्री तक चढ़ा पारा
बीते दिनों पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से दिल्ली के तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया गया था। जिसके तहत मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान मंगलवार को 29 डिगी के पास दर्ज किया गया था, जो अगले दिन 34 डिग्री के पास पहुंच गया था, लेकिन अगले दिन यानी गुरुवार को ही अधिकतम तापमान वापस 29 डिग्री के पास दर्ज किया गया था, लेकिन गुरुवार के बाद से तापमान में लगातार बढ़ोतरी जारी है। जो रविवार को 37.3 डिग्री पर रह है। नतीजतन तीन दिन में दिल्ली का तापमान 8 डिग्री तक चढ़ा है।

मंगलवार से एक बार फिर गिरेगा पारा
राजधानी दिल्ली के तापमान में एक बार फिर उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं। जिसके तहत सोमवार को भी तापमान में बढ़ोतरी का यह क्रम जारी रहने का अनुमान है, लेकिन मंगलवार से एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिल्ली प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र की तरफ से मिली जानकारी के मुताबिक मंगलवार से 25 से 30 किमी प्रति घंटे की गति से हवा चलने का अनुमान है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान में गिरावट होगी। बुधवार व गुरुवार को हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान धीरे-धीरे गिरावट के साथ गुरुवार तक 34 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है।

 

Back to top button