कोविड पर योगी सरकार पर कसा तंज,  BJP ने नैतिकता और लोकलाज सबको दे दी: अखिलेश यादव

लखनऊ
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व यूपी के पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला है। अखिलेश यादव ने कहा, 'कोरोना महामारी के दौर में कालाबाजारी और मंहगाई से भाजपा राज में लोगों की जिंदगी नरक बन गई है। मौतों का सच भी उसे नहीं दिख रहा है। भाजपा ने नैतिकता और लोकलाज सबको तिलांजलि दे दी है।'
 
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार शायद यह समझती है कि जनता को अपनी आंखो से जो सच दिख रहा है उस पर वह झूठ फरेब का पर्दा डाल देगी।  ऑक्सीजन की कालाबाजारी, दवाओं और इंजेक्शनो में भयंकर मुनाफाखोरी और अस्पतालों में लूट की सच्चाई रोज ही दिखा रही है। इस पर रोक लगाने के सरकारी बयान सिर्फ बहकाने के लिए दिए जाते है। सच तो यह है कि शासन-प्रशासन की मिलीभगत से ही काले धंधे पनप रहे है। हर सांस की भाजपा राज में नीलामी हो रही है।

जनता को त्रस्त करने के लिए ही सरकारी तौर पर डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ाए गए है, जीवनदायिनी ऑक्सीजन सिलेंडर पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाकर 50 रूपए महंगा कर दिया है। गरीब, बेबस और मजबूर जनता से लूट की खुली छूट भाजपा सरकार ने दे रखी है। बाजार में खाद्य पदार्थों, फल सब्जियों के दाम अचानक बढ़ गए हैं। रोज की कमाई से पेट भरने वालों को नमक रोटी भी नसीब नहीं हो रही है। खुद मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर में जनता मुनाफाखोरो और चोरों से त्रस्त है। हर तरफ हाहाकार है। विगत चार वर्षो में भाजपा शासन में नकली-जहरीली शराब का कारोबार खूब पनपा है। इससे सैकड़ों की जान जा चुकी है। इन मौतों के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदारी से बच नहीं सकती है।
 

Back to top button