दो दिन यूपी में रहकर चुनावी नब्‍ज टटोलेंगे अमित शाह, मिशन-2022 के लिए करेंगे इस बड़े अभियान की शुरुआत

 लखनऊ 
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिवसीय यूपी दौरे पर आ रहे हैं। शाह 29 अक्तूबर की सुबह यहां पहुंचेंगे। दो दिन के प्रवास के दौरान वे यूपी की चुनावी नब्ज टटोलेंगे। वे पार्टी के सदस्यता अभियान की शुरुआत के साथ ही चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों संग बैठक के अलावा अमित शाह जनप्रतिनिधियों से मिलकर प्रदेशभर का फीडबैक भी लेंगे। इस दौरे की तैयारियों को लेकर सोमवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बैठकों का सिलसिला चलता रहा।

भाजपा के चाणक्य माने जाने वाले गृहमंत्री अमित शाह के इस दौरे को यूपी के मिशन-2022 की दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों की मानें तो शाह 29 अक्तूबर को सुबह 11 बजे डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित कार्यक्रम में अवध क्षेत्र के सदस्यता कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। वे कुछ लोगों को खुद भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। इसी के साथ पूरे प्रदेश में वृहद स्तर पर पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू हो जाएगा। पार्टी ने इस बार प्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य तय किया है।

इसके बाद अमित शाह पार्टी कार्यालय पर संगठन के पदाधिकारियों संग पार्टी के चुनावी रोडमैप पर विस्तार से चर्चा करेंगे। वे पार्टी के पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों से भी मिलेंगे। वे 29 की रात प्रदेश कार्यालय में ही ठहरेंगे। वहीं 30 को भी कई बैठकों में हिस्सा लेंगे। सोमवार को बैठक में तैयारियों पर चर्चा की गई। इसमें कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला व अमरपाल मौर्य, प्रदेश मंत्री संजय राय सहित अवध क्षेत्र के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button