बिरसा मुंडा जन्म दिवस पर प्रदेश में10 नवंबर से कार्यक्रम

भोपाल
 बिरसा मुंडा के जन्म दिवस को राज्य सरकार जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मना रही है। इस मौके पर 15 नवंबर को प्रदेश के जनजातीय बहुल क्षेत्रों में विभिन्न् कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अनूपपुर के पुष्पराजगढ़ में 10 नवंबर, मंडला में 11 नवंबर और धार जिले के कुक्षी में 12 नवंबर को संभाग स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जनजातीय कार्य विभाग ने कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य सरकार बिरसा मुंडा जन्म दिवस पर भोपाल में जनजातीय महासम्मेलन आयोजित कर रही है। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आ रहे हैं। महासम्मेलन के लिए जनजातीय समुदाय को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद आमंत्रित कर रहे हैं। उधर, संभाग स्तर पर भी कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश हैं।

कलेक्टरों से कहा गया है कि कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए कार्यक्रम आयोजित करें। जिसमें जनजातीय समुदाय के नृत्य, नाटक का मंचन भी किया जाएगा। संभाग स्तर पर होने वाले इन कार्यक्रमों में संभाग के अन्य जिलों के लोग शामिल हो सकेंगे। बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ था। वे क्रांतिकारी थे। उन्होंने लगान (कर) माफ कराने के लिए स्वजातीय लोगों को इकठ्ठा किया और अंग्रेजों के खिलाफ आंदोलन किया।

तैयारी के लिए मुख्यमंत्री ने मंत्रियों की बुलाई बैठक

खंडवा संसदीय क्षेत्र सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा उपचुनाव के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सभी मंत्रियों के साथ सोमवार आठ नवंबर को बैठक करेंगे। मुख्यमंत्री आवास में शाम साढ़े सात बजे से होने वाली इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 15 नवंबर को प्रस्तावित भोपाल दौरे को लेकर चर्चा की जाएगी। प्रधानमंत्री जंबूरी मैदान पर जनजातीय गौरव दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। वे हबीबगंज रेलवे स्टेशन का लोकार्पण भी करेंगे।

Back to top button