दरभंगा के पूर्व डीटीओ अनिल सिन्हा पहले भी विवादों में रहे हैं, अब अवैध बालू खनन में EOU ने मारा छापा

औरंगाबाद
औरंगाबाद में जिला परिवहन पदाधिकारी रहे अनिल कुमार सिन्हा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। जिले में रहते हुए कई तरह के विवादों में रहे अनिल कुमार सिन्हा वर्तमान में दरभंगा में पदस्थापित थे। आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर छापेमारी की है। अवैध बालू उत्खनन और गैर कानूनी व्यापार के संबंध में आर्थिक अपराध इकाई, बिहार, पटना की विशेष टीम ने इसकी जांच की थी।  दरभंगा में आपदा प्रबंधन के अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा की संदिग्ध भूमिका भी प्रकाश में आई थी और अधिक परिसंपत्ति अर्जित करने की सूचना आर्थिक अपराध इकाई को मिली थी। तथ्य की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध आर्थिक अपराध इकाई ने कांड दर्ज किया और छापेमारी शुरू हुई।

सिन्हा के पटना के गोला रोड, मजिस्ट्रेट कॉलोनी स्थित आवास, भोजपुर आरा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव स्थित पैतृक मकान, दरभंगा के कार्यालय एवं आवास की तलाशी ली गई। दरअसल औरंगाबाद में पदस्थापित रहे अनिल कुमार सिन्हा कई विवादों में भी रहे थे। लॉकडाउन के दौरान झारखंड के मजदूरों को औरंगाबाद लाकर झारखंड भेजने की तैयारी की जा रही थी। उसी समय मजदूरों की पिटाई की गई थी। गेट स्कूल में यह घटना घटी थी जिसके बाद काफी हंगामा मचा था। उसके कुछ समय बाद वाहनों की जांच के दौरान ही एक स्कार्पियो चालक के साथ गाली गलौज करने की बात सामने आई थी। लॉकडाउन के दौरान ही एक कोविड-19 संक्रमित अधिवक्ता के भतीजे की बाइक उनके द्वारा पकड़ने की बात कही गई थी।

रमेश चौक पर वाहन पकड़कर नगर थाना भेज दिया था। भतीजा अपने चाचा के इलाज के लिए ऑक्सीजन पाइप लेकर जा रहा था। बाद में अधिवक्ता को रेफर कर दिया गया और उनकी मृत्यु गया में हो गई। इस घटना के बाद भी काफी हंगामा हुआ था। इन मामलों के बीच कई जनप्रतिनिधियों ने भी उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। इस बीच औरंगाबाद में अवैध बालू खनन में औरंगाबाद के एसपी सुधीर कुमार पोरिका, एसडीपीओ अनूप कुमार को हटाया गया था। इसके साथ ही डीटीओ रहे अनिल कुमार सिन्हा को भी हटा दिया गया था। उनपर भी निलंबन की कार्रवाई हुई थी। कुछ समय के बाद उनकी पोस्टिंग दरभंगा में हो गई थी। वर्तमान में आर्थिक अपराध इकाई के द्वारा कार्रवाई शुरू किए जाने पर लोग हैरत में पड़ गए। औरंगाबाद जिला परिवहन शाखा में पूरे दिन इसकी चर्चा होती रही।

 

Back to top button