गौतमबुद्ध नगर में बनाए जाएंगे 250 मॉडल बूथ, हेल्प डेस्क, पानी-मास्क और ग्लब्स का होगा इंतजाम

ग्रेटर नोएडा
गौतमबुद्ध नगर जिले के नोएडा, दादरी व जेवर विधानसभा क्षेत्र में 250 मॉडल बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथों पर उत्सव जैसा माहौल देने का प्रयास किया जाएगा। गुब्बारों से सजाने के साथ ही हेल्प डेस्क, बोतलबंद पानी, मास्क और ग्लब्स का इंतजाम किया जाएगा। जनपद के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में 50 मतदान केंद्रों को मॉडल बनाया जाएगा। इसमें नोएडा के 25, दादरी के 20 और जेवर के 5 मतदान केंद्र शामिल हैं। इन मतदान केंद्रों में 250 बूथ हैं। इन सभी बूथों में उत्सव जैसा माहौल बनाया जाएगा। बूथों को गुब्बारों से सजाया जाएगा। यहां पर वोटरों के लिए टोकन सिस्टम लागू किया जाएगा। टोकन के आधार पर ही मतदाताओं को वोट डालने का अवसर दिया आएगा। इससे व्यवस्थित तरीके से मतदान होता रहेगा और बूथों पर भीड़ भी नहीं रहेगी।

ग्लब्स और मास्क भी रहेंगे
बूथों पर कोरोना गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन कराया जाएगा। ईवीएम का इस्तेमाल करने से पहले वोटरों को ग्लब्स पहनना होगा। मतदाताओं को बूथ के अंदर मास्क लगाकर जाना जरूरी होगा। बूथ पर मास्क और ग्लब्स का इंतजाम होगा, जो लोग नहीं मास्क और ग्लब्स लेकर नहीं आएंगे, उन्हें बूथ पर मिलेगा।

हेल्प डेस्क से मिलेगी राहत
हर मॉडल मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी। अगर मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत होगी तो इस डेस्क पर समाधान होगा। इसमें स्वयंसेवकों को तैनात किया जाएगा, ताकि मतदाताओं को किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़े।

खाने का इंतजाम भी हो सकता है
कुछ मॉडल बूथों पर मतदाताओं के लिए खाने का इंतजाम होगा। यह सब स्कूलों पर निर्भर करेगा। अगर किसी स्कूल को मतदान केंद्र मॉडल बनाया जाएगा तो वह खाने का इंतजाम कर सकता है।

 

Back to top button