बारात निकलने से पहले दूल्हा फरार, उज्जैन में दुल्हन करती रह गई इंतजार

 उज्जैन

मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित बामोरा गांव में होने वाली एक शादी में हंगामा मच गया। यहां बारात निकलने से ठीक पहले दूल्हा गायब हो गया। उधर दुल्हन के घरवाले बारात का इंतजार ही करते रह गए। दुल्हन के पिता ने आरोप लगाया कि दूल्हे ने शादी के पहले 25 लाख नगद और कार की डिमांड की थी। उसने कहा था कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो बारात नहीं आएगी। वहीं एडिशनल एसपी अमरेंद्र सिंह ने बताया कि दूल्हा किसी अन्य लड़की के साथ भागा है। फिलहाल पूरा मामला पुलिस में है।

बारात न आने की खबर पर मची अफरा-तफरी
चिंतामन थाना अंर्तगत ग्राम बामोरा के महेंद्र कुमार सिंदल की पुत्री काजल की शादी घाटी भोपाल निवासी अजय उर्फ बंटी पिता राजा राम पलासिया के साथ तय हुई थी। अजय बीएसएनएल देवास में इंजीनियर है।  उज्जैन के ग्राम बामोरा में बारात का इंतजार हो रहा था। तभी खबर लगी कि भोपाल से आने वाली बारात नहीं आएगी। इधर भोपाल में भी अफरा-तफरी के माहौल के बीच दूल्हे की खोजबीन शुरू हुई। जब काफी देर तक दूल्हा नहीं मिला तो भोपाल के थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई।

साल 2021 में हुई थी सगाई
वहीं दूल्हे का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इस वजह से यह भी नहीं मालूम चल पा रहा है कि वह किन वजहों से शादी छोड़कर भागा था। दुल्हन के पिता ने बताया कि 2021 में दोनों की सगाई की थी। इसके बाद शादी के लिए कपड़े खरीदने भी साथ गए। वहां पर अजय ने हंसते हुए हमसे कहा था कि 25 लाख और कार शादी में तैयार रखना नहीं तो बारात नहीं आएगी। हमने शादी के लिए 300 इन्विटेशन कार्ड बांट दिए। घर-परिवार के लोग शादी में आ चुके थे, लेकिन बारात नहीं आई। वहीं एडिशनल एसपी अमरेंद्र सिंह का कहना है कि काजल सिंदल ने दूल्हे अजय पलासिया के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसमें 25 लाख रुपए और कार की डिमांड की बात कही गई है। लेकिन भोपाल से जो जानकारी सामने आई है, उसके मुताबिक दूल्हा किसी और के साथ भाग गया है।

Back to top button