कांग्रेस का महाअभियान घर चलो, पहले दिन नाथ को छोड़ बड़े नेता रहे दूर

भोपाल
प्रदेश कांग्रेस का आज से घर चलो, घर-घर चलो अभियान शुरू हो गया है। इस अभियान की शुरूआत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने देवास से की। कमलनाथ के अलावा इस अभियान की शुरूआत में विभिन्न जिलों में प्रदेश कांग्रेस के बड़े नेताओं को भी शामिल होना था, लेकिन अधिकांश बड़े नेता आज इस आयोजन से दूर रहे। हालांकि कांग्रेस का दावा है कि आगामी दिनों में सभी नेता अपने-अपने जिले में इसमें शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने आज सुबह देवास में इस अभियान की शुरूआत की। वे कई घरो में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे। इससे पहले उन्होंने मां चामुंडा के मंदिर में पहुंच कर पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने घर चलो, घर-घर चलो अभियान की शुरूआत की। अभियान में उन्होंने लोगों को अपनी 15 महीने की सरकार की उपलब्धियों की पेम्प्लेट दी, वहीं बढ़ती महंगाई को लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों को दोषी बताया। नाथ ने कहा कि यह अभियान प्रदेश के 65 हजार बूथ पर 28 दिन तक लगातार चलेगा।

इस अभियान में कांग्रेस कार्यकर्ता एक-एक घर जाकर बताएंगे कि आदिवासी, दलितों और महिलाओं पर प्रदेश में अत्याचार बढ़ रहे हैं। किसानों के साथ भाजपा की सरकार अन्याय कर रही है। नाथ ने कहा कि अभियान में सभी नेता, विधायक भी शामिल होंगे। इस अभियान के जरिए कांग्रेस हर घर में जाकर संपर्क करेगी और बताएगी कि भाजपा की यह सरकार चुनी हुई नहीं बल्कि खरीदी हुई सरकार है।

नहीं हुए ये नेता शामिल
कांग्रेस के इस महाअभियान को लेकर पहले यह तय हुआ था कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भोपाल, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सुरेश पचौरी रायसेन और पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को खंडवा में इस अभियान की शुरूआत में शामिल होना था। इसके बाद रात में पीसीसी को पता चला कि दिग्विजय सिंह संसद का सत्र होने के चलते दिल्ली में रहेंगे। सुरेश पचौरी और अरुण यादव का स्वास्थ्य ठीक नहीं होने के कारण वे इसमें शामिल नहीं होंगे। वहीं विवेक तन्खा, राजमणि पटेल और नकुल नाथ भी आज शामिल नहीं होंगे, ये सभी दिल्ली में हैं।

Back to top button