यूक्रेन से जंग के बीच व्लादिमीर पुतिन ने की बड़ी रैली, बीच में बंद हो गया टीवी प्रसारण

मॉस्को
यूक्रेन पर हमले को लेकर सफाई देते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भाषण कुछ देर के लिए बाधित हो गया। दरअसल इसका कवरेज रूस के राष्ट्रीय टीवी चैनल के माध्यम से किया जा रहा था। बाद में बताया गया कि तकनीकी खराबी की वजह से प्रसारण रोक दिया गया था।

मॉस्को के लुजनिकी स्टेडियम में बोलते हुए पुतिन ने अपने हजारों नागरिकों से वादा किया कि क्रेमलिन से संबंधित सारे लक्ष्यों को कुछ ही दिनों में प्राप्त कर लिया जाएगा। उनके भाषण के दौरान रूस के झंडे लहराए जा रहे थे और नारेबाजी भी हो रही थी। राष्ट्रपति पुतिन ने रैली के दौरान कहा, 'हमें पता है कि क्या करना चाहिए। हमें यह भी पता है कि इसके लिए क्या कीमत चुकानी पड़ सकती है। हमारा आगे का भी प्लान तैयार है।' स्टेडियम में मौजूद लोग पुतिन के समर्थन में नारे लगा रहे थे और उनके समर्थन वाले झंडे लेकर पहुंचे थे। कई झंडों पर 'Z' का निशान बना हुआ था।
 

दरअसल यूक्रेन में हमला करने वाली रूसी सेना की टुकड़ियां ज़ेड निशान वाले झंडा का प्रयोग करती है। इसके अलावा कई लोग 'Za Putin' वाले पोस्टर बैनर लेकर भी पहुंचे थे। इसका मतलब रूसी भाषा में 'पुतिन के लिए' होता है। पुतिन ने कहा, 'आज हमारे लोग कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। वे एक दूसरे की मदद कर रहे हैं। इस तरह की एकता लंबे समय के बाद देखने को मिली है। '

Back to top button