हिमाचल की कमान सुखविंदर सिंह, मुकेश अग्निहोत्री पहले उप मुख्यमंत्री

शिमला

 कांग्रेस नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू (Sukhwinder Singh Sukhu) ने आज शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान में हिमाचल प्रदेश के 15वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वहीं, मुकेश अग्निहोत्री ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ की है। इस शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी सहित कांग्रेस के तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के प्रमुख रहे 58 वर्षीय सुखविंदर सुक्खू निचले हिमाचल इलाके के पहले कांग्रेस नेता हैं, जो मुख्यमंत्री बन रहे हैं। वह प्रेम कुमार धूमल के बाद हमीरपुर जिले के दूसरे ऐसे नेता हैं, जो मुख्यमंत्री के पद पर आसीन होंगे। कांग्रेस ने हिमाचल विधानसभा चुनाव में कुल 68 में से 40 सीट जीतकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सत्ता से बाहर कर दिया है।

गौरतलब है कि पिछले दो दिन से हिमाचल के अगले सीएम को लेकर सस्पेंस चल रहा है जिसपर अब पर्दा हट गया है। हिमाचल के अगले सीएम का शपथग्रहण 11 दिसंबर को होगा।  शपथ ग्रहण समारोह से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को आमंत्रित करते हुए मनोनीत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा मेरा दायित्व है कि जो प्रदेश में पार्टी को आगे लेकर चलती हैं,जो हमारी प्रदेश अध्यक्ष हैं उनके पास जाना और उन्हें शपथ ग्रहण के लिए आमंत्रित करना,यह पहला आमंत्रण है जो हम दे रहे हैं।

यह पहला मौका है जब हिमाचल में उप-मुख्यमंत्री ने शपथ ली है। शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा मौजूद रहे। नीचे देखिए फोटो वीडियो। शपथ ग्रहण से पहले सुक्खू ने प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के घर जाकर उनसे मुलाकात की। साथ ही कहा कि प्रतिभा सिंह हमारी नेता हैं। भाजपा चाहती है कि कांग्रेस में फूट हो, लेकिन हम सब साथ-साथ हैं।

कांग्रेस के ये दिग्गज रहे मौजूद

सुखविंदर सिंह सुक्खू की शपथग्रहण समारोह में मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, अशोक गहलोत, सचिन पायलट, भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राजीव शुक्ला, प्रतिभा सिंह समेत कई सीनियर नेता मौजूद रहे.

शपथग्रहण में शामिल हुईं सुक्खू की मां

शपथ ग्रहण समारोह से पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू की मां संसार देवी शिमला के संजोली हेलीपैड पर पहुंची. यहां सुक्खू ने उनकी अगवानी की. उनकी मां ने कहा कि उनका बेटा एक सेवादार है और वह लोगों की सेवा करता रहेगा.

प्रतिभा सिंह के घर पहुंचे थे सुक्खू 

इससे पहले सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह से उनके घर पहुंचकर मुलाकात की थी. प्रतिभा सिंह के मुलाकात के बाद सुक्खू ने कहा कि प्रतिभा सिंह राज्य में पार्टी की मुखिया हैं. सभी उनके मार्गदर्शन में काम करते हैं. इसलिए वह उन्हें शपथ ग्रहण में आमंत्रित करने के लिए आए थे. प्रतिभा ने भी कहा था कि मैं सुक्खू के शपथग्रहण समारोह में जरूर शामिल होऊंगी.

साधारण कार्यकर्ताओं को मिल रही बड़ी जिम्मेदारियां: सुक्खू

शपथग्रहण से पहले  सीएम सुक्खू ने कहा था अब राजनीति में बदलाव हो रहा है और कांग्रेस में साधारण कार्यकर्ताओं को बड़ी जिम्मेदारियां मिल रही हैं. हिमाचल का परिणाम देश की राजनीति में बड़ा बदलाव लेकर आएगा. उन्होंने बताया कि उनके पिता हिमाचल रोडवेज में ड्राइवर थे. उन्होंने शिमला में दूध बेचकर NSUI से अपना करियर शुरू किया.

कांग्रेस में कोई मनमुटाव नहीं: विक्रमादित्य

शिमला ग्रामीण से दूसरी बार चुने गए विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में किसी तरह का कोई मनमुटाव नहीं है. अगर पार्टी किसी भी तरह की कोई जिम्मेदारी देती है तो उसका निर्वहन एक सच्चे सिपाही के तौर पर किया जाएगा.  सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बातचीत के दौरान बताया था कि विक्रमादित्य को कैबिनेट में स्थान मिलेगा.

कौन हैं हिमाचल के नए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू?

सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल के कांग्रेस कैंपेन कमेटी के प्रमुख हैं. वह नादौन सीट से 5वीं बार विधायक चुने गए हैं. इस बार उन्होंने बीजेपी के विजय अग्निहोत्री को 3363 मतों के अंतर से हराया है. सुक्खू ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक छात्र नेता के रूप में तब की थी जब वह सरकारी कॉलेज संजौली, शिमला में छात्र थे. वे कॉलेज छात्र संघ के महासचिव और अध्यक्ष रहे. वह 1989 से 1995 के बीच NSUI के अध्यक्ष रहे. 1999 से 2008 के बीच वे युवा कांग्रेस के प्रमुख भी रहे. सुक्खू दो बार शिमला नगर निगम पार्षद भी चुने गए थे. वह 2013 में हिमाचल कांग्रेस के प्रमुख के पद तक पहुंचे और 2019 तक राज्य इकाई के प्रमुख बने रहे.

 

Back to top button