दिल्ली-NCR को इस तारीख से मिलेगी कंपा देने वाली ठंड से राहत, जानें हरियाणा-राजस्थान का भी हाल

 नई दिल्ली 

 देश में जारी कड़ाके की ठंड के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली को लेकर राहत की जानकारी दी है। मौसम विभाग ने आने वाले दिल्ली में ठंड की स्थिति में सुधार का अनुमान लगाया है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुतबाकि, अधिकतम तापमान बढ़कर लगभग 18 डिग्री सेल्सियस हो सकता है। वहीं, दिल्ली में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है।

पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में धीरे-धीरे 31 दिसंबर तक वृद्धि होने का अनुमान है। सफदरजंग में मंगलवार को अधिकतम 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम 5.6 डिग्री था, जो सामान्य से एक डिग्री कम था। सोमवार सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 15.6 डिग्री और न्यूनतम 5.0 दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, आज सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 5:30 बजे 8.4 डिग्री दर्ज किया गया। मंगलवार के इसी समय के मुकाबले यह 1.4 डिग्री अधिक था। वहीं, पालम में आज सुबह 5:30 बजे न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री था।

कोहरे से लिपटी दिखी दिल्ली
दिल्ली में मंगलवार को सुबह बहुत घना कोहरा देखा गया। सफदरजंग और पालम दोनों जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर तक कम हो गई थी। इसके कारण दिल्ली हवाई अड्डे पर भी उड़ानें प्रभावित हुईं। लगभग 100 से अधिक उड़ानें देरी से चलीं। दो को जयपुर एयरपोर्ट डायवर्ट करना पड़ा गया। आईएमडी ने कहा कि आज दिल्ली में कोहरे की तीव्रता भी कम हो गई है। मौसम विभाग का कहना है कि पिछले 24 घंटों में उत्तर-पश्चिमी हवाओं की गति में गिरावट के कारण तापमान भी प्रभावित हुआ है। आने वाली पश्चिमी विक्षोभ हवा की दिशा को उत्तर-पूर्वी से दक्षिण-पूर्वी दिशा में बदल देगा। आपको बता गें कि उत्तर-पूर्वी हवाओं की तुलना में दक्षिण-पूर्वी हवाएं अधिक गर्म होती हैं। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 2 जनवरी के बाद से ही पड़ने की उम्मीद है।

स्काईमेट मौसम विज्ञान के उपाध्यक्ष महेश पलावत का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ मुख्य रूप से 29 से 31 दिसंबर के बीच उत्तरी भारत को प्रभावित करेगा। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर 2 जनवरी के बाद से ही दिखने लगेगा। पहाड़ों में बर्फबारी होगी। एक बार जब उत्तर-पश्चिमी हवाएं फिर से चलनी शुरू होंगी तो पहाड़ों से यह ठंड एक बार फिर मैदानी इलाकों में स्थानांतरित हो जाएगी। आईएमडी के सात दिन के पूर्वानुमान से पता चलता है कि दिल्ली का अधिकतम तापमान बुधवार को लगभग 18 डिग्री तक बढ़ जाएगा। न्यूनतम तापमान भी बढ़ने का अनुमान है। वर्ष के अंतिम दो दिनों में यह 6 से 7 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।

वहीं, हरियाणा में मंगलवार को सबसे कम विजिबिलिटी चंडीगढ़ में 25 मीटर में दर्ज की गई। वहीं, अंबाला और हिसार दोनों में 50 मीटर दर्ज की गई। राजस्थान में गंगानगर में सबसे कम दृश्यता 25 मीटर दर्ज की गई। वहीं, उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के कारण बरेली में विजिबिलिटी घटकर 25 मीटर रह गई। इसका असर ट्रेन, सड़क मार्ग और हवाई यात्रा पर देखने को मिल रहा है।
 

Back to top button