गुजरात रणजी ट्रॉफी खेलने गए इस भारतीय क्रिकेटर का हुआ निधन, आखिरी मैच में चटकाए थे 5 विकेट

 नई दिल्ली 

भारतीय क्रिकेट जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश के एक युवा क्रिकेटर का निधन हो गया है। हिमाचल प्रदेश के लिए गुजरात रणजी ट्रॉफी खेलने गए 28 वर्षीय सिद्धार्थ शर्मा का निधन हो गया है। गुरुवार 12 जनवरी की रात 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। वह अपनी टीम के साथ रणजी ट्रॉफी के मैच के लिए गुजरात पहुंचे थे, लेकिन वहा वे बीमार पड़ गए थे। 

मीडिया रिपोर्ट की मानें तो वे पिछले दो सप्ताह से वेंटीलेटर पर थे। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के कार्यालय से इस बात की पुष्टि हुई है कि तेज गेंदबाज का निधन हो गया है। सिद्धार्थ शर्मा आखिरी बार टीम के लिए जब उतरे थे तो उन्होंने मैच की पहली पारी में 5 विकेट चटकाए थे। बताया जा रहा है कि उनको स्वास्थ्य समस्या थी, जिसके कारण उनको भर्ती कराया गया था और वडोदरा में उनका निधन हो गया। 

हिमाचल प्रदेश के सीएम कार्यालय के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए ट्वीट में लिखा है, "मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू ने हिमाचल की विजय हजारे ट्रॉफी विजेता क्रिकेट टीम के सदस्य रहे और प्रदेश के स्टार तेज गेंदबाज सिद्धार्थ शर्मा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।  मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिजनों के साथ अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं।"

शुक्रवार 13 जनवरी को भाभोर साहब श्मशान घाट में सिद्धार्थ का अंतिम संस्कार किया गया। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर, आईपीएल अध्यक्ष अरुण धूमल, ऊना विधायक सतपाल सत्ती, एचपीसीए के पूर्व सचिव सुमित शर्मा, एचपीसीए सदस्य सुरेंद्र शर्मा, जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष मदन पुरी और पूर्व विधायक सतपाल रायजादा भी उन लोगों में शामिल थे, जिन्होंने इस चौंकाने वाली खबर पर दुख व्यक्त किया।

ऊना में जन्मे सिद्धार्थ शर्मा का घरेलू करियर ज्यादा बड़ा नहीं था। उन्होंने हिमाचल के लिए पांच साल में सिर्फ एक टी20 गेम, 6 फर्स्ट क्लास गेम और इतने ही लिस्ट ए मैचों में टीम का प्रतिनिधित्व किया था। उनका आखिरा मैच बंगाल के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डेंस में था, जो पिछले महीने थे। उस मैच में उन्होंने 5 विकेच चटकाए थे।  
 

Back to top button