नीतीश से ममता तक का इनकार, G8′ फेल होने पर मोदी के खिलाफ AK का नया दांव

नईदिल्ली
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने 2024 के लिए कमर कस ली है। गैर-भाजपाई और गैर-कांग्रेसी दलों को एकजुट करने का पहला प्रयास विफल होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने अब पीएम मोदी के खिलाफ अकेले ही मैदान में उतरने का फैसला कर लिया है। इसकी शुरुआत आज 23 मार्च को भगत सिंह की शहीदी दिवस से किया जाएगा। 'आप' ने ऐलान किया है कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल 'मोदी हटाओ, देश बचाओ' अभियान का आगाज करेंगे जो 2024 तक चलने वाला है।

यह ऐलान ऐसे समय पर किया गया है जब दिल्ली में ऐसे ही नारों वाले पोस्टर को लेकर विवाद चल रहा है। छापने वाले और छपवाने वाले के नाम के बिना पूरी दिल्ली में लगाए गए पोस्टर से संबंध भी आम आदमी पार्टी ने परोक्ष रूप से स्वीकार कर लिया है। माना जा रहा है कि यह पोस्टर विवाद पार्टी के कैंपेन का पहला हिस्सा है। अब इस नारे के साथ दिल्ली और पंजाब की सत्ताधारी मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने जा रही है। दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने बताया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मुहिम की शुरुआत करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में निराशा का माहौल है और लोकतांत्रिक आवाजों का दमन किया जा रहा है। राय ने कहा, 'मोदी हटाओ, देश बचाओ के नारे को पूरे देश में ले जाया जाएगा। देश आपकी तानाशाही को सहने वाला नहीं है। अब सारी हदें पार हो चुकी हैं।'

पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह 2024 के लिए कैंपेन का आगाज है। आप के कई नेता पहले ही कह चुके हैं कि 2024 का चुनाव 'मोदी बनाम केजरीवाल' होने जा रहा है। हाल ही में एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि केजरीवाल ने 18 मार्च को देश के सात राज्यों के मुख्यमंत्री को दिल्ली में डिनर पर बुलाया था, जिसमें एक मोर्चा बनाने की कोशिश होने वाली थी। बिहार के सीएम नीतीश कुमार, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव समेत कई नेताओं को आमंत्रित किया गया था लेकिन इन नेताओं ने कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं दी। हालांकि, बुधवार को खुद केजरीवाल ने कहा कि लीक हुए लेटर का राजनीतिक मकसद नहीं था। यह एक गवर्नेंस मंच है। एक दूसरे के अच्छे काम सीखने के मकसद से इसे बनाया जा रहा है। लेकिन दूसरी व्यस्तताओं की वजह से नेता नहीं आ सके। आगे यह बैठक हो सकती है।

ऐसे में माना जा रहा है कि केजरीवाल अब मोदी के खिलाफ अकेले ही मैदान में उतरेंगे। आने वाले दिनों में वह देशव्यापी अभियान छेड़ने जा रहे हैं। 'आप' को उम्मीद है कि इस अभियान को आक्रामक तरीके से चलाने के बाद अन्य दल उसके साथ जुड़ सकते हैं। फिलहाल लोकसभा में 'आप' का एक भी सांसद नहीं है। लेकिन पार्टी अगले साल खुद को भाजपा के विकल्प के रूप में पेश करने का प्रयास करेगी। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में अरविंद केजरीवाल मोदी को वाराणसी सीट से सीधी टक्कर दे चुके हैं। हालांकि, तब उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

 

 

Back to top button