सीएम ने साफतौर पर कहा है कि चुनाव के दौरान किसी तरह का मनमुटाव और गुटबाजी दिखाई नहीं देना चाहिए

भोपाल

आदिवासी जिलों झाबुआ, अलीराजपुर और बड़वानी में बीजेपी के जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के बीच किसी तरह का मनमुटाव और गुटबाजी नहीं होना चाहिए। पार्टी के  इन नेताओं को सीधा संदेश मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिया है। साथ ही आने वाले दिनों में संगठन और सरकार की ओर से यहां और अधिक सक्रियता की बात कही है।

मुख्यमंत्री चौहान पिछले दिनों झाबुआ गए थे। यहां उन्होंने झाबुआ, अलीराजपुर और बड़वानी के जनप्रतिनिधियों और बीजेपी के पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठकों ली थीं। कई नेताओं से उन्होंने वन टू वन संवाद भी किया था। सूत्र बताते हैं कि इस दौरान सीएम चौहान ने सभी से साफतौर पर कहा है कि चुनाव के दौरान किसी तरह का मनमुटाव और गुटबाजी दिखाई नहीं देना चाहिए। सरकार ने आदिवासियों और गरीबों के लिए इतनी योजनाएं बनाई हैं जो लोक कल्याणकारी हैं।

जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है कि लोगों को योजनाओं के बारे में बताएं और सरकार के कामों को बिना कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाएं। मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि बड़वानी और झाबुआ में पेसा एक्ट को लेकर बहुत कुछ काम करने की जरूरत है। गांवों में जाकर पेसा मोबिलाइजर और पार्टी पदाधिकारी लोगों को जागृत करेंं ताकि कांग्रेस द्वारा चुनाव के दौरान फैलाए जाने वाले भ्रम की स्थिति को समय पर दूर किया जा सके।

गांवों में बताएं-पेसा एक्ट का लाभ मिल रहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पेसा एक्ट को लेकर जो बातें कहीं वह उसने नहीं किया लेकिन भाजपा की सरकार ने आदिवासियों के हित में पेसा एक्ट लागू किया, जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। इसलिए यह बात भी गांवों में जाकर बतानी है। गरीब कल्याण कीयोजनाओं के लाभ मिल रहे हैं, ये भाजपा की बदौलत है यह उन्हें एहसास कराना है।

लाड़ली बहना का भी करो प्रचार
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि 10 जून को लाडली बहना योजना में महिलाओं के खाते में 1000 रुपए डाले जाएंगे। यह योजना महिलाओं का भविष्य बदलने का काम करेगी। गांवों में लोगों को यह भी बताना है। साथ ही कांग्रेस द्वारा योजनाओं को लेकर दुष्प्रचार की स्थिति को भी दूर करना पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की जिम्मेदारी है।

Back to top button