चलते ऑटो में प्रेमिका का गला रेता, फिर सुसाइड की कोशिश; हत्या की वजह का खुलासा

 मुंबई
मुंबई में दिनदहाड़े एक खूनी वारदात से हड़कंप मच गया है। यहां एक चलते ऑटो में मामूली बात पर गुस्सा हुए प्रेमी ने गर्लफ्रेंड का गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद उसने खुद आत्महत्या की कोशिश भी की। हालांकि पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है। हत्याकांड के पीछे की वजह भी सामने आई है। मुंबई पुलिस ने कहा कि साकीनाका इलाके के खैरानी रोड पर एक चौंकाने वाली घटना हुई है। यहां एक 30 वर्षीय महिला की उसके प्रेमी द्वारा एक ऑटो के अंदर कथित तौर पर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है प्रेमी युगल ऑटो में सफर कर रहा था।

मृतक महिला की पहचान संघर्ष नगर चांदीवाली निवासी 30 वर्षीय पंचशीला अशोक जामदार के रूप में हुई है। ऑटो में यात्रा के दौरान उसकी और आरोपी के बीच मामूली बात पर लड़ाई हो गई थी, इस बीच गुस्साए प्रेमी में सनक सवार हुई और उसने धारदार हथियार से प्रेमिका का गला रेत दिया। लड़की की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी की पहचान दीपक बोरसे के रूप में की है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, ऑटो चालक उस वक्त घबरा गया जब दीपक ने महिला की हत्या कर दी। इससे पहले कि चालक कुछ समझ पाता, वह मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा। हालांकि उसकी भागने की कोशिश विफल हुई। साकीनाका पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी ने आत्महत्या का असफल प्रयास भी किया। उसे मामूली चोट आई हैं।  पुलिस ने दीपक बोरसे के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 के तहत मामला दर्ज किया है, जो हत्या से संबंधित है। आगे की जांच चल रही है।

 

Back to top button