सेन फ्रांसिस्को जा रहे एअर इंडिया के विमान में तकनीकी गड़बड़ी, उड़ान को अलास्का की ओर मोड़ा गया

नई दिल्ली
बेंगलुरु से अमेरिका के सेन फ्रांसिस्को जा रहे एअर इंडिया के विमान को तकनीकी गड़बड़ी के कारण अमेरिकी राज्य अलास्का के एक शहर की ओर मोड़ दिया गया। विमान में 280 से अधिक यात्री सवार थे। विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि गड़बड़ी को दूर किए जाने के बाद उड़ान संख्या एआई 175 गंतव्य की ओर रवाना हुई और विमान सोमवार को भारतीय समयानुसार पूर्वाह्न करीब 10 बजे सेन फ्रांसिस्को पहुंचा। इस उड़ान का संचालन बी777 विमान के जरिए किया गया था, जिसमें सेन फ्रांसिस्को जाते समय कोई तकनीकी गड़बड़ी पैदा हो गई, जिसके कारण इसे अलास्का के एक शहर एंकोरेज की ओर मोड़ दिया गया।

विमान में 280 से अधिक लोग सवार थे और बाद में विमान तय समय से करीब चार घंटे की देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचा। आम तौर पर, बेंगलुरु से सेन फ्रांसिस्को तक उड़ान की अवधि करीब 16 घंटे होती है। एअर इंडिया ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।

मालदीव पहुंचे चुनाव आयुक्त गोयल

नई दिल्ली
 चुनाव आयुक्त अरुण गोयल मालदीव में हो रहे राष्ट्रपति चुनाव का निरीक्षण करने के लिए वहां दौरे पर गए हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, अरुण मालदीव चुनाव आयोग के निमंत्रण पर वहां पहुंचे हैं।

मालदीव में चुनाव का पहला चरण नौ सितंबर से शुरू हुआ जहां चुनाव मैदान में आठ उम्मीदवार अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। मालदीव के चुनाव कानून के अंतर्गत राष्ट्रपति को सीधे जनता द्वारा सार्वभौमिक और गुप्त मताधिकार द्वारा पांच साल के कार्यकाल के लिए चुना जाता है।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान प्रणाली बहुमत प्राप्त पद्धति वाला प्रत्यक्ष चुनाव है, जिसमें जनता एक उम्मीदवार को अपना मत देती है और जिसे सबसे ज्यादा वोट मिलते हैं वहीं चुनाव जीतता है। जीतने वाले उम्मीदवार को एक या उससे ज्यादा चरणों में डाले गए कुल मतों का न्यूनतम 50 प्रतिशत हासिल करना होता है। मालदीव के चुनाव आयोग में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और तीन अन्य आयुक्त शामिल हैं।

 

 

Back to top button