छत्तीसगढ़ की एक दर्जन से अधिक सीटों पर राहुल के दौरे की संभावना
रायपुर
भाजपा सरकार धान पर बोनस बांटने के लिए 24 सौ करोड़ का अनुपूरक बजट क्या लाई, कांग्रेस ने न केवल किसान, बल्कि आदिवासियों के साथ छलावे की तान छेड़ दी है। अब कांग्रेस सीधे जंगल, पहाड़ और खेत में पहुंचकर किसानों व आदिवासियों को साधने का काम करेगी।
इसके लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी यहां आएंगे। अक्टूबर से नवंबर के बीच छत्तीसगढ़ की 17 से 20 विधानसभा सीटों में उनका दौरा होने की संभावना है। इस बीच राहुल गांधी किसानों और आदिवासियों के कम से कम एक-एक सम्मेलन में भी शिकरत करेंगे। आदिवासी कांग्रेस और किसान कांग्रेस इसकी तैयारी में लगे हैं।
भाजपा की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का लगातार दौरा हो रहा है। अभी 21 सितंबर को अमित शाह आ रहे हैं, अगले दिन प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम जांजगीर-चांपा में रखा गया है। कांग्रेस ने भी राहुल गांध्राी का कई किश्तो में दौरा कराने की तैयारी शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि एक तरफ किसानों को साधने के लिए किसान अधिकार यात्रा निकाली जाएगी तो दूसरी तरफ आदिवासियों के लिए जंगल सत्याग्रह चलेगा। किसान अधिकार यात्रा का सम्मेलन बिलासपुर या दुर्ग संभाग में हो सकता है, जबकि जंगल सत्याग्रह की सभा सरगुजा या बस्तर संभाग में कराई जाएगी।
किसान अधिकार यात्रा
किसान कांग्रेस ने किसान अधिकार यात्रा का प्रस्तावित कार्यक्रम बनाकर पीसीसी को दे दिया है। उस पर प्रदेश प्रभारी पीएल पुनिया और पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल की स्वीकृति का इंतजार है।
जंगल सत्याग्रह
जंगल सत्याग्रह का एक चरण कांग्रेस ने पूरा कर लिया है, दूसरा चरण नौ सितंबर से शुरू होना था, लेकिन भारत बंद के चलते उसे टालना पड़ा। यह भी जल्द शुरू कर दिया जाएगा।