सितंबर में बारिश ही नहीं, गर्मी भी तोड़ेगी रेकॉर्ड

नई दिल्ली
सितंबर में बारिश ही नहीं बल्कि गर्मी भी सभी रेकॉर्ड तोड़ने पर आमादा है। अभी तक के हालात यह है कि सितंबर अगस्त से भी गर्म बीत रहा है। मौसम विभाग के अनुसार एक हफ्ते तक गर्मी का दंश कम नहीं होने वाला। तापमान 36 से 37 डिग्री तक बना रह सकता है। सितंबर में अगर 19 दिनों की बात करें तो अब तक का औसत अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री रहा है। जबकि बीते 10 सालों में 2015 में ही सितंबर पूरे महीने का औसत अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री रहा था। 2015 में सितंबर की शुरुआत काफी गर्म हुई थी, लेकिन 23 सितंबर से तापमान में कमी होना शुरू हो गई थी। लेकिन इस बार का पूर्वानुमान दिखा रहा है कि अभी 25 सितंबर तक तो गर्मी से बहुत अधिक राहत नहीं मिलने वाली है। आमतौर पर सितंबर का औसत अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री तक रहता है। 2019 में सितंबर का औसत अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री रहा था। जबकि 2018 में यह महज 32.7 डिग्री, 2017 में 34.5, 2016 में 35 डिग्री, 2014 में 34.7 डिग्री, 2013 में 35.2 डिग्री, 2012 में 34.2 डिग्री और 2011 में 33.9 डिग्री औसत अधिकतम तापमान दर्ज हुआ था। शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री रहा जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। 23 और 24 सितंबर को हल्की बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है लेकिन इसकी वजह से तापमान में बहुत अधिक गिरावट होने की उम्मीद नहीं है।

सालों में सबसे कम बारिश
सितंबर में अभी तक 20.9 एमएम बारिश हुई है। बारिश भी काफी कम हुई है। पिछले 10 सालों में इससे कम बारिश सितंबर में कभी नहीं हुई। इससे पहले 2015 में 21.8 एमएम बारिश हुई थी। जबकि 2012 में 55.2 एमएम बारिश हुई थी। अब यदि मौसम विभाग के दावों पर यकीन करें तो सितंबर में बारिश की उम्मीद लगभग न के बराबर है। 23 और 24 सितंबर को हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। स्काईमेट के अनुसार राजधानी में अब मॉनसून की बारिश होने की संभावना काफी कम है। हालांकि मॉनसून अभी अक्टूबर के पहले हफ्ते तक बना रहेगा।

अगस्त से भी गर्म है सितंबर
इस बार अगस्त का औसत अधिकतम तापमान महज 34.6 रहा था। अगस्त में अधिकतम तापमान 9 अगस्त को 37.6 रहा था, जबकि सितंबर में अब तक अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री दर्ज हो चुका है। 7 दिन इस महीने में तापमान अब तक 37 डिग्री या इससे अधिक रहा है।

Back to top button