आज फिर राहुल गांधी हाथरस जाने की कोशिश करेंगे,पीड़ित परिवार से मिलने का प्लान

नई दिल्ली
हाथरस कांड पर मचा सियासी घमासान चरम पर पहुंच चुका है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज पार्टी सांसदों के साथ फिर से हाथरस कूच करेंगे। बता दें कि कुछ दिन पहले भी राहुल बहन प्रियंका गांधी के साथ हाथरस के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार करके वापस भेज दिया था। कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल ने आज बताया कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में आज दोपहर हाथरस के लिए रवाना होंगे। उन्होंने बताया कि राहुल हाथरस में मृतक लड़की के परिजनों से करेंगे मुलाकात।

राहुल दोबारा हाथरस जाने की करेंगे कोशिश
यूपी के हाथरस गैंगरेप मामले में सियासत उफान पर है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज दोबारा गैंगरेप पीड़िता के परिवार वालों से मुलाकात करने की कोशिश करेंगे। कांग्रेस इस मुद्दे में योगी सरकार को हर तरफ से घेर रही है।

गुरुवार को हुआ था बवाल
गुरुवार को हाथरस में पीड़िता के परिवारों से मिलने पर बहन प्रियंका गांधी के साथ अड़े कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश की पुलिस पर उन्होंने लाठियां मारने का आरोप लगाया था। इधर, पुलिस ने राहुल और प्रियंका दोनों हो हिरासत में ले लिया था। हालांकि, कुछ देर बाद एफ-1 गेस्ट हाउस से राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बाहर निकल गए।

क्या हुआ था
राहुल गांधी ने कहा कि उनका काफिला रोके जाने के बाद जिस वक्त वे पैदल ही ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे होते हुए हाथरस जा रहे थे पुलिस ने उन्हें धक्का देकर नीचे गिरा दिया और उन्हें लाठियां मारी। उन्होंने कहा, 'मैं यह पूछना चाहता हूं कि क्या सिर्फ मोदी जी ही इस देश में पैदल चल सकते हैं? क्या कोई सामान्य व्यक्ति नहीं चल सकता? हमारी गाड़ियां रोक दी गई, इसलिए हम पैदल जा रहे हैं।'
इस मामले में नोएडा पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत 153 कांग्रेस नेताओं, 50 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी. यह एफआईआर पैनडेमिक एक्ट और धारा 144 का उल्लंघन करने के लिए दर्ज की गई थी.

Back to top button