राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नी ने पुलिस पर लगाया ‘बैड टच’ का आरोप

प्रयागराज
उत्तर प्रदेश के हाथरस में हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। उसके बाद बलरामपुर की घटना सामने आई। इन दोनों घटनाओं के बाद से विपक्ष लगातार सत्ताधारी दल (बीजेपी सरकार) पर हमलावर है। प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था और बलात्कार की बढ़ती घटनाओं के विरोध में आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित सुभाष चौक पर प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने पुरुष पुलिस इंस्पेक्टर पर उन्हें छूने और अभद्रता करने का आरोप लगाया है। आम आदमी पार्टी ने शुक्रवार को पूरे प्रदेश में तहसील स्तर पर यूपी की बिगड़ती कानून व्यवस्था और बढ़ती बलात्कार की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन की घोषणा की थी। इसी के तहत प्रयागराज के सिविल लाइन सुभाष चौराहे पर आम आदमी पार्टी की महिला कार्यकर्ता प्रदेश सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रही थीं। प्रदर्शन के दौरान आप की महिला कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। कार्यकर्ताओं को जिस गाड़ी से पुलिस लाइन ले जाना था, उसमें पहले से एक पुरुष इंस्पेक्टर मौजूद थे। गिरफ्तारी के बाद महिला कार्यकर्ताओं को गाड़ी में धकेला गया। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इंस्पेक्टर ने उन्हें टच किया और अभद्रता भी की।

अफसरों से करेंगे शिकायत
आरोपों के साथ राज्यसभा सांसद संजय सिंह की पत्नी अनीता सिंह ने कहा, 'प्रदेश की पुलिस ने आज हम महिलाओं साथ जिस तरह अभद्रता की है तो आम आदमी का क्या हश्र होता होगा।' आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष डॉक्टर अल्ताब अहमद ने कहा कि प्रदेश सरकार की पुलिस ने जिस तरह से प्रयागराज में महिला कार्यकर्ताओं के साथ दुर्व्यवहार किया है, यह बहुत अशोभनीय है। साथ ही जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि हम लोग इस बात की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करेंगे।

इंस्पेक्टर ने दी सफाई
वहीं, इस घटना को लेकर आरोपों से घिरे इन्स्पेक्टर का कहना है, 'प्रदर्शन के दौरान जिस गाड़ी में मैं था, उस गाड़ी में पुरुष कार्यकर्ताओं को गिरफ्तारी के लिए रखा गया था। लेकिन उस गाड़ी पर आम आदमी की महिला कार्यकर्ता चढ़ गईं। इसमें मुझे निकलने की जगह नहीं मिल रही थी और मुझ पर जितने भी आरोप लगाए जा रहे हैं, ये बिलकुल गलत और निराधार हैं।'

Back to top button