‘नबन्ना चलो’ पर बंगाल में बवाल, BJP वर्कर्स पर लाठीचार्ज,धरने पर बैठे कैलाश विजयवर्गीय

कोलकाता
पश्चिम बंगाल में ममता सरकार और भाजपा के बीच घमासान और तेज हो गया है। भाजपा के नबन्ना चलो आंदोलन के दौरान प्रदर्शनकारियों पर जमकर लाठियां चलाई गईं। कार्यकर्ताओं और नेताओं पर वॉटर कैनन छोड़े गए। भाजपा का आरोप है कि वे शांति के मार्च निकाल रहे थे लेकिन उनके ऊपर पथराव किया गया। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय बीच सड़क में धरने पर बैठ गए हैं। ममता सरकार पर जानबूझकर उन लोगों पर लाठियां चलवाने का आरोप लगाया जा रहा है।

पश्चिम बंगाल में मामला बढ़ता जा रहा है। भाजपा सड़क पर उतरकर ममता सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। कोलकाता में जगह-जगह प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की। बंगाल की सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा के प्रदर्शन को देखते हुए राज्य सरकार ने विद्यासागर सेतु और हावड़ा ब्रिज को पूरी तरह से बंद कर दिया है। यहां पर वाहनों के आने-जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

'हमारे ऊपर लाठीचार्ज और पथराव किया गया'
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर यहां जमकर लाठीचार्ज किया। उनके ऊपर वॉटर कैनन का प्रयोग किया गया। भाजपा नेता लॉकेट चटर्जी ने कहा कि पुलिस हमारे लोगों के ऊपर लाठीचार्ज कर रही है। खिदिरपुर की तरफ से हम लोगों पर पथराव किया जा रहा है। उन लोगों के ऊपर जो लोग पथराव कर रहे हैं क्या पुलिस उन्हें नहीं देख रही?

'पुलिस के साथ आए बदमाशों ने किया पथराव'
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय बीच सड़क पर धरने पर बैठ गए हैं। उन्होंने कहा कि हम लोग लोकतांत्रित तरीके से प्रदर्शन कर रहे थे लेकिन ममता ने हम लोगों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन को हिंसा में बदल दिया। पुलिस के साथ आए बदमाशों ने हम लोगों पर पत्थर बरसाए।

ममता पर बरसे कैलाश विजयवर्गीय
बिना मास्क के पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के सवाल पर बीजेपी नेता कैलीश विजयवर्गीय ने कहा कि सभी कार्यकर्ता मास्क पहने हुए हैं। क्या नियम केवल हमारे लिए हैं? ममता जी हजारों लोगों के साथ प्रदर्शन करती हैं, और हमें सोशल डिस्टेंसिंग का पाठ पढ़ाया जा रहा है। क्या उनके लिए यह नियम लागू नहीं होते?

दो दिनों के लिए बंद हुआ सचिवालय
कैलाश विजयवर्गीय ने कहा है ममता सरकार डरी हुई है। राज्य सचिवालय बंद कर दिया गया है। हालांकि सचिवालय को बंद करने के पीछे सरकार ने सैनिटेशन का काम होना बताया है। भाजपा के कार्यकर्ता और नेता लाठीचार्ज के बाद फिर से सड़क पर डट गए हैं।

Back to top button