यूएई से लौटे क्रुणाल पंड्या को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया, अवैध सोना और कीमती सामान लाने का आरोप

मुंबई
भारतीय क्रिकेटर क्रुणाल पंड्या (Krunal Pandya) को संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) से अवैध सोना लाने के आरोप में मुंबई एयरपोर्ट पर रोका किया गया। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (राजस्व खुफिया निदेशालय) के हवाले से बताया कि क्रुणाल को मुंबई एयरपोर्ट पर रोका गया। उन पर बिना जानकारी दिए तय सीमा से ज्यादा सोना और अन्य कीमती सामान लाने का आरोप था। पंड्या को जब यह बताया गया कि उनके पास तय मात्रा से अधिक सोना है तो उन्होंने अपनी गलती स्वीकार की और कहा कि उन्हें नियमों की जानकारी नहीं थी। उन्होंने इसके लिए माफी मांगी और इसके लिए पेनल्टी भी दी। क्रुणाल ने कहा कि आगे से वह गलती नहीं करेंगे। इसके बाद डीआरआई ने उन्हें जाने की इजाजत दी। बता दें कि क्रुणाल 10 नवंबर तक यूएई में खेली गई आईपीएल-2020 में हिस्सा लेकर स्वदेश लौटे हैं। यहां उनकी टीम मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को 5 विकेट से 5वीं बार खिताब अपने नाम किया था।

क्रुणाल ऑस्ट्रेलिया दौरे पर गई भारतीय टीम और मुंबई इंडियंस टीम के सदस्य हार्दिक पंड्या के बड़े भाई हैं। यूएई में दोनों साथ ही एक टीम से खेल रहे थे। वहां से हार्दिक ऑस्ट्रेलिया दौरे पर रवाना हो गए, जबकि क्रुणाल भारत लौट आए। सीजन में उनके प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने 16 मैच खेले और 109 रन बनाने के अलावा छह विकेट भी झटके थे। क्रुणाल साल 2016 में मुंबई से जुड़े थे। उसके बाद से वह इस टीम के अहम सदस्य हैं और अब तक 55 मैच में 891 रन बनाने के अलावा और 40 विकेट ले चुके हैं।

Back to top button