शिक्षक और स्नातक विधायकों के चुनाव में भाजपा का दबदबा कायम

 लखनऊ 
यूपी में हुए शिक्षक और स्नातक विधायकों के चुनाव में भाजपा का दबदबा कायम है। यूपी विधान परिषद में अब भाजपा भी शिक्षकों की नुमाइंदगी करेगी। पहली बार शिक्षक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में उतरी सत्तारूढ़ भाजपा ने 6 खाली सीटों में से 3 पर कब्जा करके शिक्षक राजनीति में अपने दबदबे की शुरुआत की है। स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की पांच रिक्त सीटों में से 2 सीटों पर भाजपा, 2 सीटों पर सपा और एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए है। 

राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने शुक्रवार दोपहर इन छह सीटों के चुनाव परिणाम घोषित किये। इनमें लखनऊ खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भाजपा के उमेश द्विवेदी, मेरठ खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भाजपा के श्रीचंद शर्मा और बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भाजपा के हरि सिंह ढिल्लो निर्वाचित घोषित किए गए हैं। तीन अन्य सीटों में से वाराणसी खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर सपा के लाल बिहारी यादव जीते हैं जबकि आगरा खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर निर्दलीय और वित्त विहीन शिक्षक दल के नेता डॉ.आकाश अग्रवाल चुनाव जीते हैं। गोरखपुर-फैजाबाद खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर निर्दलीय ध्रुव कुमार त्रिपाठी चुनाव जीते हैं। शिक्षक एमएलसी ध्रुव कुमार त्रिपाठी की यह लगतार तीसरी जीत है।

स्नातक सीटों में भाजपा दो पर आगे
स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की 5 सीटों पर शुक्रवार को भी मतगणना जारी रही। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार इन सीटों के चुनाव परिणाम चुनाव आयोग की ओर से शनिवार शाम को घोषित किए जाएंगे। ‘हिन्दुस्तान’ के जिला कार्यालयों से मिली जानकारी के अनुसार मेरठ स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भाजपा के दिनेश गोयल 9507 मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं। 24 साल से एमएलसी शिक्षक दल के नेता हेम सिंह पुण्डीर दूसरे स्थान पर चल रहे हैं।
 

आगरा में कड़ा मुकाबला : 

आगरा स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र की सीट पर भी दिलचस्प मुकाबला चल रहा है। यहां भाजपा के प्रत्याशी मानवेन्द्र सिंह ने पांचवें चरण में प्रथम वरीयता के 21228 मत हासिल कर निर्णायक बढ़त बना ली है। दूसरे नम्बर पर चल रहे सपा के डॉ. असीम यादव को 18245 मत मिले हैं। यहां तीसरे नम्बर पर कर्मचारी नेता इंजीनियर हरि किशोर तिवारी हैं, जिन्हें 15055 मत मिले।

वाराणसी में सपा आगे :

 वाराणसी में स्नातक खण्ड निर्वाचन क्षेत्र से सपा के उम्मीदवार आशुतोष सिन्हा आगे चल रहे हैं जबकि दूसरे नम्बर पर भाजपा के केदारनाथ सिंह हैं। श्री सिंह तीन बार से भाजपा से एमएलसी हैं। स्नातक खण्ड की लखनऊ सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी कांति सिंह आगे चल रही हैं दूसरे स्थान पर भाजपा के अवनीश सिंह हैं।

प्रयागराज-झांसी एमएलसी सीट 24 साल बाद भाजपा के हाथ से गई 
तमाम जद्दोजहद के बाद आखिर झांसी-इलाहाबाद स्नातक सीट पर सपा काबिज हो गई। इस सीट पर लगातार 24 साल बीजेपी के एमएलसी काबिज रहे। करीब ढाई दशक बाद सपा ने भाजपा से यह सीट छीन ली। इसे बड़ा उलटफेर माना जा रहा है। सपा के डॉ.मान सिंह यादव को 23093 वोट मिले जबकि भाजपा के डॉ यज्ञदत्त शर्मा को 18760 वोट मिले।
 

Back to top button