पारे में गिरावट से मौसम का मिजाज और सर्द होता जा रहा, कोहरे में लिपटी राजधानी, पछुआ ने बढ़ाई कनकनी  

पटना 
पारे में गिरावट से मौसम का मिजाज और सर्द होता जा रहा है। पछुआ ने कनकनी बढ़ा दी है। वहीं, मंगलवार शाम को राजधानी पटना ने घने कोहरे की चादर ओढ़ ली। देर रात तक विजिबिलिटी 100 मीटर तक रह गई। इस सीजन के पहले घने कोहरे के चलते मंगलवार रात नौ बजे के बाद ही सड़कें सूनी हो गईं। गाड़ियां फॉग लाइट जलाकर धीरे-धीरे बढ़ती रहीं। पूर्वानुमान के अनुसार अभी पारे में और गिरावट होगी। दोपहर बाद सूबे में हवा का रुख बदला और बर्फीली हवाओं की दस्तक से अधिकतम पारे में गिरावट दर्ज की गई। दिन के तापमान में कमी आई है जबकि न्यूनतम तापमान ऊपर चढ़ा है। मौसमविदों का कहना है कि अगले 24 घंटे में तापमान और नीचे आ सकता है।
 
पिछले 24 घंटे में सबसे बड़ी समस्या दृश्यता को लेकर हुई है। पटना में विजिबिलिटी सुबह सात बजे 200 मीटर रही। रात में यह घटकर 100 मीटर से भी कम हो गई। यह इस सीजन का सबसे न्यूनतम स्तर रहा। सुबह आठ बजे 400 मीटर तक पहुंची जबकि दस बजे मात्र 500 मीटर की दृश्यता रही। दोपहर 11 बजे कुछ सुधार हुआ और यह 800 मीटर पर पहुंच सका। धुंध का आलम यह रहा कि दोपहर साढ़े 12 बजे के बाद विजिबिलिटी 1000 मीटर पर पहुंची। शाम से विजिबिलटी फिर गिरने लगी।

मौसमविदों का कहना है कि लगातार बह रही दक्षिण पूर्वा हवा के प्रवाह से काफी मात्रा में नमी आ रही थी जिस वजह से आर्द्रता बढ़ती गई। इस वजह से आसमान में धुंध की चादर पसरती गई।

गया का तापमान सबसे कम
इधर, पछुआ हवा का प्रवाह बढ़ने से पटना का अधिकतम पारा तीन डिग्री तक नीचे आ गया और अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री दर्ज सेल्सियस किया गया। सूबे में गया का न्यूनतम पारा सबसे कम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर का अधिकतम पारा 23.5 जबकि न्यूनतम 16.5 डिग्री सेल्सियस रहा। पूर्णिया का अधिकतम पारा 24.2 जबकि न्यूनतम 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Back to top button