CBSE Exam 2021: सीबीएसई 10वीं, 12वीं के पेपर पैटर्न में बदलाव, 10 फीसद केस स्टडी से जुड़े सवाल

 लखनऊ 
CBSE Exam 2021: केन्द्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) ने 10वीं और 12वीं के पेपर पैटर्न में बदलाव किया है। छात्रों को पेपर में 10 फीसद केस स्टडी से जुड़े सवाल मिलेंगे। कई विषयों में कोर्स कम होने की वजह से प्रश्न की संख्या भी कम की गई है। पार्ट का विभाजन भी कई खंडों में किया जाएगा।
 
लखनऊ पब्लिक स्कूल की निदेशिका रश्मि पाठक ने बताया कि इस बदलाव से छात्रों को राहत मिलेगी। वहीं, लखनऊ पब्लिक कॉलिजिएट के जावेद आलम खान ने बताया कि मॉडल पेपर भी उसी आधार पर बनाया गया है, इससे छात्र रटने की बजाए विषयों को समझ कर जवाब दे सकेंगे। 80 अंकों के पेपर में पास होने के लिए 27, 70 अंकों के पेपर में 23 और 30 अंकों के प्रैक्टिकल में  10 अंक पाना होगा। 
 
इंटरमीडिएट: इतिहास में अब 31 के स्थान पर 30 प्रश्न होंगे। आब्जेक्टिव वाले 20 प्रश्नों की संख्या को घटाकर 15 कर दिया गया है। विषय आधारित केस स्टडी के तीन प्रश्न पूछे जाएंगे। मैप छह नबंर की जगह पांच नंबर का होगा। मनोविज्ञान में 32 की जगह 31 प्रश्न रहेंगे। 10 फीसद प्रश्न केस स्टडी के होंगे। जीव विज्ञान में प्रश्न की संख्या  27 से बढ़ाकर 33 प्रश्न कर दी गई है। अकाउंटेंसी- प्रश्न पत्र का खंड दो की जगह चार रहेगा। 
हाईस्कूल: सामाजिक विज्ञान में बहुविकल्पीय प्रश्नों की संख्या  20 से कम करके 16 प्रश्न कर दी गई है। विज्ञान में 32 की जगह 36 प्रश्न पूछे जाएंगे। गणित में  केस स्टडी के चार प्रश्न होंगे।  ऑब्जेक्टिव प्रश्नों की संख्या  20 से घटाकर 16 कर दी गई है।'

Back to top button