दिग्विजय सिंह ने बुजुर्ग से कहा – अब तू बोला तो यहीं डूबा के जाउंगा

ओरछा 
 पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह अपने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए पूरे प्रदेश में एकता यात्रा निकाल रहे हैं लेकिन जब समर्थक उनके पास पहुंच रहे हैं तो उन्हें दिग्विजय सिंह के गुस्से का शिकार होना पड़ रहा है। दिग्विजय सिंह की ये नाराजगी उनकी टीकमगढ़ यात्रा के दौरान सामने आई जब एक बुजुर्ग समर्थक को दिग्विजयसिंह ने उस समय फटकार लगा दी जब वो दिग्विजयसिंह की ही जय जयकार कर रहा था।

दरअसल आगामी विधानसभा चुनावों के पहले बनाई गई मप्र कांग्रेस की समन्वय समिति के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह ने ओरछा में राम राज मंदिर से 31 मई को अपनी एकता यात्रा शुरु की। यात्रा का लक्ष्य नाराज पुराने नेताओं को वापस पार्टी से जोड़ना है।

इसी कड़ी में जब वे ओरछा के राम राज मंदिर परिसर में थे उसी दौरान एक बुजुर्ग समर्थक लगातार उनके जिंदाबाद के नारे लगा रहा था। दिग्विजय सिंह ने बुजुर्ग को नारे नहीं लगाने को कहा। लेकिन जब बुजुर्ग ने नारेबाजी बंद नहीं की तो दिग्विजय सिंह नाराज हो गए। वे तेजी से बुजुर्ग की ओर लपके और फटकारते हुए कहा कि यहां से निकल जा अब अगर फिर तू बोला तो तुझे यहीं डूबाकर जाउंगा। इसके बाद बुजुर्ग ने कान पकड़कर माफी मांगी और दिग्विजय सिंह के पैर भी छुए। इसके बाद दिग्विजय सिंह बुजुर्ग की पीठ थपथपाते हुए आगे बढ़ गए।

लेकिन दिग्विजय सिंह का ये व्यवहार राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया। खुद कांग्रेस पार्टी के कुछ नेता इसे गलत मान रहे हैं। उनके मुताबिक एकता यात्रा का मकसद ही नाराज लोगों को वापस पार्टी से जोड़ना है, ऐसे में दिग्विजय सिंह बुजुर्गों के प्रति नाराजगी जता रहे हैं तो इससे अच्छा संदेश नहीं जा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button