आत्मरक्षा में की गई थी पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक: सुरक्षा परिषद में भारत 

नई दिल्ली
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (यूएनएसी) की बैठक में आतंकवाद के मुद्दे पर भारत ने पाकिस्तान को जमकर लताड़ लगाई। आतंकवादियों को शरण देने के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराते हुए भारत ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में की गई सर्जिकल स्ट्राइक को उचित ठहराया। भारत ने कहा कि पीओके में सर्जिकल स्ट्राइक आत्मरक्षा का कार्य था। भारत की ओर से यह बयान मैक्सिको द्वारा अररिया फॉर्मूला में आयोजित बैठक में दिया गया। भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में कहा कि वह दशकों से पड़ोसी देश की सहायता से होने वाले आतंकी हमलों और सीमा पार छद्म युद्ध का सामना कर रहा है। 

संयुक्त राष्ट्र में भारत के उप स्थाई प्रतिनिधि, नागराज नायडू ने सर्जिकल स्ट्राइक की ओर अप्रत्यक्ष रूप से इशारा करते हुए कहा कि आतंकियों के हमले के जवाब में आत्मरक्षा का अधिकार लागू होता है। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर कहा कि आतंकियों की मदद करने वाले देश उन्हें प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता, खुफिया जानकारी और हथियार मुहैया कराते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत कई बार आतंकवादियों के हमले का निशाना बना है। फिर चाहे वह 1993 का मुंबई बम धमाका हो या फिर 26/11 अटैक। उन्होंने पुलवामा और पठानकोट हमलों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया इस बात की गवाह रही है कि भारत कई बार इन कायराना हमलों का शिकार हुआ है। उन्होंने कहा कि इन हमलों के जवाब में आत्मरक्षा करने का अधिकार लागू होता है। फिर चाहे वह हमला किसी देश ने किया हो या फिर आतंकवादियों ने।
 

Back to top button