भोपाल में जेट एयरवेज के विमान का लैंडिंग के समय पहिया जाम, बड़ा हादसा टला

भोपाल
 मुंबई से भोपाल आ रही जेट एयरवेज के एक विमान का लैंडिंग के समय अगला पहिया जाम हो गया। विमान हिचकोले खाता हुआ रन-वे से पैरामीटर रोड की तरफ फिसल गया। पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगाकर बड़े हादसे को टाल दिया। विमान में 120 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को विमान से सुरक्षित उतार दिया गया।

उड़ान संख्या 9 डब्ल्यू 895/ 896 गुरुवार रात्रि करीब 10 बजे राजा भोज एयरपोर्ट पर लैंड होने वाली थी। सूत्रों के अनुसार विमान ने जैसे ही रन-वे टच किया विमान के अगले व्हील बेस में खराबी आ गई। अगला पहिया जाम होने के कारण विमान हिचकोले खाता हुए पैरामीटर रोड की तरफ खिसक कर धंस गया।

विमान का संतुलन बिगड़ने से यात्रियों ने जोरदार झटका महसूस किया। पायलट ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आपातकालीन ब्रेक लगाकर हादसा टाल दिया। बाद में विमान को पुश बैक ट्राली की मदद से एयरोब्रिज तक लाया गया। यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया। विमान में 120 यात्री सवार थे। घबराए यात्रियों ने सुरक्षित होने पर संतोष प्रकट किया।

व्हील बेस निकलता तो होता बड़ा हादसा

जानकारों के अनुसार यदि विमान का व्हील बेस विमान से अलग होकर निकल जाता तो विमान पैरामीटर रोड पर जाकर पलट सकता था। ऐसी स्थिति में बड़ा हादसा हो सकता था।

देर रात तक होता रहा सुधार कार्य

विमान की खराबी सुधारने के लिए जेट एयरवेज ने देर रात को ही इंजीनियरों की टीम को बुला लिया था। यह विमान भोपाल से वापस मुंबई जाता है। भोपाल से मुंबई जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर इंतजार करते रहे। देर रात तक खराबी ठीक नहीं हुई थी।

तकनीकी खराबी थी, सुधार रहे हैं

मुंबई से आते समय विमान में तकनीकी खराबी आ गई थी। सभी यात्रियों को सुरक्षित उतार लिया गया है। सुधार कार्य होते ही विमान वापस मुंबई रवाना होगा।

– मलय जैन, एयरपोर्ट मैनेजर जेट एयरवेज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button