बीजेपी विधायक: बांझ रहें, लेकिन ऐसे बच्चे पैदा न करें जो संस्कारी न हों

गुना 
मध्य प्रदेश के गुना से बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। इस बार उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक बयान दिया है। शाक्य ने महिलाओं को संस्कारी बच्चे पैदा करने की सलाह देते हुए सारी हदें पार कर दीं। 
 
एमएलए पन्नालाल शाक्य ने एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, 'कांग्रेस गरीबी हटाओ के नारे के साथ सत्ता में आई, लेकिन उसने गरीब को ही हटा दिया। ऐसी महिलाएं हैं, जिन्होंने गलत नीतियां बनाने वाले नेताओं को जन्म दिया है। महिलाएं ऐसे बच्चे पैदा करने के बजाय बांझ रहें, मगर ऐसे बच्चे पैदा न करें जो संस्कारी न हों और समाज में विकृति पैदा करते हों।' 

महिलाओं पर पहले भी विवादित बयान 
यह पहली बार नहीं है जब बीजेपी विधायक पन्नालाल शाक्य ने विवादित बयान दिया है। इससे पहले भी उन्होंने कई बार आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। उन्होंने मार्च महीने में गुना स्थित एक पीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महिला सुरक्षा पर बात करते हुए कहा था कि हमारे देश में चार बार महिलाओं की पूजा होती है। हम कैसे मान लें कि महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि आंकड़े तो कुछ भी बताते हैं। शाक्य ने कहा था कि पश्चिमी सभ्यता से दूर रहने की जरूरत है। लड़कियों पर इसलिए अत्याचार होते हैं, क्योंकि वह बॉयफ्रेंड बनाती हैं। अगर वह बॉयफ्रेंड बनाना छोड़ देंगी, तो लड़कियों पर अत्याचार होने बंद हो जाएंगे। 

कोहली-अनुष्का की शादी पर भी उठाया था सवाल 
बीजेपी विधायक ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली और बॉलिवुड ऐक्ट्रेस अनुष्का शर्मा की शादी पर भी सवाल उठाया था। शाक्य ने कहा था, 'विराट ने पैसा भारत में कमाया, लेकिन विवाह संस्कार करवाने के लिए उन्हें हिन्दुस्तान में कहीं जगह नहीं मिली। हिन्दुस्तान इतना अछूत है।' उन्होंने कहा, 'भगवान राम, भगवान कृष्ण, विक्रमादित्य, युधिष्ठिर का विवाह इसी भूमि पर हुआ है।' 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button