राज्यपाल श्री टंडन ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की दी शुभकामनाएं
![](https://khabarjagat.in/wp-content/uploads/2018/06/Balram-das-Tandon.jpg)
रायपुर
राज्यपाल श्री बलरामजी दास टंडन ने प्रदेशवासियों को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा है कि योग एक प्राचीन भारतीय जीवन पद्धति है, इसका वर्णन हमारे वेद-उपनिषदों में मिलता है। हमारे भारत के प्रधानमंत्री माननीय श्री नरेन्द्र मोदी ने पूरे विश्व को योग का महत्व बताया। उनके प्रयासों के फलस्वरूप ही संयुक्त राष्ट्र संघ ने प्रति वर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया।
राज्यपाल ने कहा कि भारत के नागरिकों ने योग को जीवन शैली के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में अपनाया और इस पर शोध भी किया और परिष्कृत रूप में पूरे दुनिया को दिया। उन्होंने कहा कि योग हमारी विरासत है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है कि ‘योगः कर्मषु कौशलम्’ अर्थात योग से कर्मों में कुशलता आती है। योग से मन के भीतर नकारात्मक शक्तियों के स्थान पर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इससे शरीर, मन एवं आत्मा में संतुलन स्थापित होता है, जिससे मनुष्य एकनिष्ठ, एकाग्र एवं स्थिर होता है। साथ ही आंतरिक शक्तियां भी जागृत होती हैं।
श्री टंडन ने कहा है कि आज के युग में शरीर की फिटनेस बनाए रखने के लिए हजारों रूपए खर्च करने पड़ते हैं और उसके लिए समय की भी पाबंदी रहती है। जबकि योग एक ऐसी विधि है, जिसमें कुछ भी खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती, इसे हर कोई कहीं भी, किसी भी समय अपनी सुविधा अनुसार कर सकता है।
राज्यपाल श्री टंडन ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि आइए हम योग को अपने दिनचर्या का अंग बनाए और तनावमुक्त, स्वस्थ होकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें।