एचडी देवेगौड़ा ने कांग्रेस को चेताया, हमें हल्के में न लें

बेंगलुरु
कर्नाटक में जनता दल सैकुलर (जद-एस) और कांग्रेस के गठबंधन वाली सरकार में चल रहे तनाव के बीच पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) नेता एच.डी. देवेगौड़ा ने चेतावनी दी है कि कांग्रेस पार्टी क्षेत्रीय दलों को हल्के में न ले। उन्होंने कहा कि यह जरूरी नहीं है कि क्षेत्रीय दल हर जगह उसके साथ आगामी लोकसभा चुनाव लड़ें। देवेगौड़ा गुरुवार को नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 6 गैर-एन.डी.ए. दल एच.डी. कुमारस्वामी के मुख्यमंत्री पद की शपथ के दौरान उपस्थित थे जो एकजुट विपक्ष को दर्शाता है लेकिन यह जरूरी नहीं है कि वे वर्ष 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव में हरेक राज्य में एक साथ मिलकर चुनाव लड़ें। गौरतलब है कि एकजुटता दिखाने के लिए कांग्रेस, टी.एम.सी., बसपा, आम आदमी पार्टी, सी.पी.एम. और टी.डी.पी. के नेता मई में हुए शपथ ग्रहण समारोह के दौरान बेंगलूर में उपस्थित थे।

गठबंधन पर फिलहाल कुछ निश्चित नहीं: देवेगौड़ा ने कहा कि समाजवादी पार्टी और बसपा अब भी 80 लोकसभा सीटों वाले यू.पी. में 40-40 सीटों के बंटवारे पर बात कर रहे हैं। पश्चिम बंगाल में टी.एम.सी. और कांग्रेस एक साथ चुनाव लडऩे के लिए लगभग सहमत हो गई हैं। अन्य राज्यों में महाराष्ट्र में एन.सी.पी., आंध्र प्रदेश में टी.डी.पी. और तेलंगाना में टी.आर.एस. को अभी कांग्रेस के साथ चुनाव लडऩे पर फैसला लेना बाकी है। जद (एस) नेता ने कहा, ‘‘केवल कर्नाटक में हमने फैसला किया है कि कुछ मतभेदों के बावजूद कांग्रेस के साथ मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। अब तक इस मुद्दे पर कोई चर्चा नहीं हुई है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और कुमारस्वामी के बीच वार्ता होनी थी जो टल गई।’’  

कर्नाटक में बसपा को देंगे एक लोकसभा सीट
देवेगौड़ा ने अपनी गठबंधन सहयोगी बसपा के लिए भी एक लोकसभा सीट मांगी है। उन्होंने कहा कि हमने कर्नाटक में एक लोकसभा सीट अपने गठबंधन सहयोगी बसपा को भी देने का फैसला किया है। इसके बदले में हम बसपा से कहेंगे कि वह यू.पी. में एक सीट उनके महासचिव दानिश अली को दे दे। केरल में एल.डी.एफ. उनको एक सीट देगी। जद (एस) नेता ने कहा कि वह नई दिल्ली में कांग्रेस नेताओं से मिलने या सिद्धरमैया की शिकायत करने नहीं आए हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button