IPL Auction: दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वार्नर पर क्यों लगाया दांव, असिस्टेंट कोच ने बताया कारण

नई दिल्ली
IPL 2022 Mega Auction में दिल्ली कैपिटल्स ने ऑस्ट्रेलियाई टीम के धाकड़ ओपनर डेविड वार्नर को मोटी रकम में खरीदा। दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने अपने पूर्व खिलाड़ी के लिए 6 करोड़ 25 लाख रुपये खर्च किए। अब दिल्ली कैपिटल्स के असिस्टेंट कोच प्रवीण आमरे ने बताया है कि दिल्ली कैपिटल्स ने डेविड वार्नर पर किस वजह से दांव खेला था।   दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच प्रवीण आमरे ने बताया कि फ्रेंचाइजी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 संस्करण के लिए ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वार्नर, मिशेल मार्श और भारत के हरफनमौला खिलाड़ी शार्दुल ठाकुर पर क्यों इतना पैसा खर्च किया? दिल्ली की फ्रेंचाइजी ने रिषभ पंत, पृथ्वी शॉ, अक्षर पटेल और एनरिक नोर्खिया को रिटेन किया था।   

आधिकारिक प्रेस रिलीज में प्रवीण आमरे ने कहा, "हमारी योजना शीर्ष पर एक विस्फोटक बल्लेबाज लाने की थी और हमें डेविड वार्नर मिले, जिन्होंने 2021 में टी 20 विश्व कप में मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार जीता। हम मिच मार्श में एक अच्छा ऑलराउंडर पाकर भी बहुत खुश हैं। शार्दुल ठाकुर तीनों प्रारूपों में भारत के लिए खेल रहे हैं और पिछले साल ऑस्ट्रेलिया में भारत की विजेता टीम का हिस्सा थे। इसलिए, एक फ्रेंचाइजी के रूप में, हमने उनका समर्थन किया।"
 

उन्होंने आगे कहा, "हम अपने बजट के तहत कुलदीप और मुस्ताफिजुर को अच्छी खरीददारी पाकर भी खुश हैं। नीलामी अभी समाप्त नहीं हुई है, इसलिए हम वास्तव में अपने शेष खिलाड़ियों को प्राप्त करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं। उम्मीद है, हम जो चाहते हैं वह हमें मिलेगा, लेकिन अब तक नीलामी वैसी ही हुई है जैसी हम चाहते थे।"

वार्नर को दिल्ली कैपिटल्स ने 6.25 करोड़ और मार्श को 6.50 करोड़ रुपये में अपने साथ जोड़ा, जबकि ठाकुर के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने 10.75 करोड़ रुपये खर्च किए। दिल्ली की टीम ने लेफ्ट आर्म पेसर मुस्तफिजुर रहमान (2 करोड़) और चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव (2 करोड़) के अलावा अश्विन हैबर(20 लाख), सरफराज खान(20 लाख), कमलेश नागरकोटी(1.10 करोड़) और केएस भरत (2 करोड़) को भी खरीदा है।

Back to top button